सरगुजा

मितानिनों ने डॉक्टर पर लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप, जांच कराए बिना ही बैरंग लौटीं
11-Apr-2023 7:36 PM
मितानिनों ने डॉक्टर पर लगाया अभद्र व्यवहार का आरोप, जांच कराए बिना ही बैरंग लौटीं

प्रधानमंत्री मातृत्व योजना के तहत गर्भवतियों के लिए लगाया था जांच शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 11 अप्रैल।
मितानिनों ने डॉक्टर पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया और जांच कराए बिना ही बैरंग लौटीं।

बताया गया कि कुन्नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की जांच कराने पहुंचीं मितानिन और डॉक्टर के बीच समय को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। जिस पर डॉक्टर के द्वारा मितानिनों को काफी खरी-खोटी सुनाई गई। साथ ही डॉक्टर के द्वारा मोबाइल निकालकर मितानिनों का वीडियो बनाने लगा  जिसके बाद मितानिन वहां से गर्भवती महिलाओं का जांच कराए बिना ही बैरंग लौट गईं, वहीं कुछ गर्भवती महिलाओं का फार्मासिस्ट के द्वारा पर्ची लिख दवा का वितरण किया गया है। 

डॉक्टर द्वारा मितानिनों से किए गए अभद्र व्यवहार को लेकर 1 दर्जन से अधिक मितानिनोंने बैठक ली, साथ ही मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए डॉ. अनुराग सिंह यादव पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया गया।

कुन्नी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नव पदस्थ प्रभारी द्वारा मितानिनों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया,जिसे लेकर मितानिन में काफी रोष है।

बैठक के दौरान मितानीन पियासो, चंद्रकला, देवंती, अमरतिया ,रुकमणी, कमलाबाई, पुष्पा सिंह, कांति कश्यप, कमला सिंह, सुहानों, तेलविन ,सुमित्रा दास , आस्मोती, रिका महंत, जनपद सदस्य कृष्णा सिंह, राजेश सिंह, कमलेश कश्यप, दिनेश दास मौजूद रहे । 

इस मामले में किसी भी प्रकार की बयान देने की आवश्यकता नहीं- डॉ. अनुराग 
इस संबंध में कुन्नी स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. अनुराग सिंह यादव से फोन से चर्चा करने पर उनके द्वारा कहा गया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की बयान देने की आवश्यकता नहीं है।

जनपद सदस्य कृष्ण कुमार राठिया ने इस संबंध में बताया कि कुन्नी स्वास्थ्य केन्द्र के डॉ. अनुराग सिंह यादव द्वारा मितानिनों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है। साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्था पूरे तरीके से चरमरा गई है।


अन्य पोस्ट