सरगुजा
मुख्यमंत्री ने कहा- आपसी बातचीत से सलटा लेना चाहिए मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर/रामानुजगंज, 6 अप्रैल। आज नगर के भारत माता चौक एवं लरंगसाय चौक के बीच में दोनों तरफ से बेरिकेड्स लगाकर बीच सडक़ में पंडाल लगाकर सैकड़ों किसानों ने विधायक बृहस्पति सिंह एवं जिला किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में दो दिवसीय किसान आक्रोश आंदोलन किया। वहीं अंबिकापुर में सरहुल कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मीडिया ने बृहस्पति सिंह के धरने पर बैठने को लेकर और उससे जुड़े हुए प्रश्न किए। जिस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक बृहस्पति सिंह को आपसी बातचीत से मामला सलटा लेना चाहिए।
विगत 3 दिन पूर्व सहकारी बैंक में मारपीट की घटना के बाद बैंक के समस्त कर्मचारी दो दिवस की अवकाश पर चले गए, वहीं जिले के किसानों के द्वारा दो दिवसीय किसान आक्रोश आंदोलन किया गया, जिसमें आज विधायक बृहस्पति सिंह शामिल होकर अपनी बात रखते हुए बताया कि सहकारी बैंक कर्मचारियों के द्वारा किए गए भ्रष्टाचार के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई करने के लिए 11 सूत्रीय मांगों का प्रस्ताव राज्यपाल के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
उक्त ज्ञापन में 11 सूत्रीय मांगों का उल्लेख है- किसानों से बारदाना देने में ली गई रिश्वत की जांच कर वापस दिलाई जाए, बारदाना का पैसा शासन से मिलने के बाद भी किसानों को नहीं मिली है इसकी भी जांच की जाए, केसीसी फर्जी तरीके से किसानों के नाम से निकाला गया है, उसकी भी जांच कर किसानों को राशि वापस दी जाए एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, किसानों के लिए 2 वर्ष पूर्व बना हुआ एटीएम अपडेट कर किसानों को दी जाए ताकि वह अपना पैसा स्वयं निकाल सके,किसानों के द्वारा की गई फर्जीवाड़ा मामले में जांच करा कर उनकी राशि वापस दी जाए तथा दोषी पाए जाने वालों कर्मचारियों पर प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए, रिश्वतखोरी पर लगाम लगाया जाए, समिति के जानकारी के बगैर जो राशि आहरित की गई है उसकी भी जांच की जाए,जिस किसान के नाम से जमीन नहीं है उसके नाम से फर्जी कागजात बनाकर जो राशि निकाल ली गई है दोषियों पर कार्यवाही हो, रकबा के हिसाब से खाद उपलब्ध कराई जाए तथा समिति के गोदाम से ही वितरण की व्यवस्था की जाए, किसानों के लोन का शेयर एक बार ही ली जाए, सभी समितियों में शिकायत निवारण हेतु व्यवस्था की जाए।
विधायक श्री सिंह ने मीडिया को बताया कि उक्त वीडियो जो विपक्ष के द्वारा वायरल किया गया है वह पूरा नहीं है। वीडियो पूरा दिखाना था, जिसमें किसानों के साथ बैंक कर्मचारियों के द्वारा जो दुव्र्यवहार किया गया और उसकी बेइज्जती की गई है, तभी पूरा मामला लोगों के समक्ष आता। अगर किसानों के साथ दुव्र्यवहार और बेईमानी की जाएगी तो हम कानून से ऊपर उठकर भी किसानों के हित के लिए लड़ाई लड़ता रहूंगा। आज हमारे किसान त्रस्त हैं, किसानों का धान, सरकार का पैसा और बीच में बैठे दलाल के माध्यम से बैंक कर्मचारी लूटने का कार्य करते हैं, जब इनका पर्दाफाश होता है तो भाजपा के द्वारा सवाल उठाए जाते हैं।

श्री सिंह ने भाजपा से लोगो पर कड़ा प्रहार करते हुए बताया कि भाजपा के लोग किसानों के हित के लिए नहीं, बल्कि किसानों को लूटने का कार्य करते हैं।
आगे उन्होंने बताया कि यह सच है कि मैं दो-तीन थप्पड़ मारा हूं, किंतु अगर ऐसा कृत्य किसानों के साथ होगा तो मैं अंतिम लड़ाई लडऩे को तैयार हूं। उन्होंने कहा किसानों की समस्या को देखते हुए जिले के प्रत्येक मंडी में हम प्रतिनिधि नियुक्त करेंगे और जिस मंडी से किसानों की समस्या आएगी हम सब किसान मिलकर किसानों के हित की लड़ाई लड़ेंगे
उक्त किसान आक्रोश आंदोलन में सैकड़ों किसानों के साथ कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।