सरगुजा

साइबर क्राइम के बढ़ते ग्राफ को कम करने एवं उच्च स्तर विवेचना के लिए कार्यशाला
13-Mar-2023 9:42 PM
साइबर क्राइम के बढ़ते ग्राफ को कम करने एवं उच्च स्तर विवेचना के लिए कार्यशाला

10 दिवसीय साइबर क्राइम इन्वेस्टीगेशन प्रशिक्षण शुरू, कई तकनीकी गुर सिखेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 14 मार्च। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में साइबर क्राइम से संबंधित मामलों में तेजी, उच्च स्तर की विवेचना के साथ-साथ आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर साइबर क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने सरगुजा रेंज एवं बिलासपुर रेंज के राजपत्रित अधिकारियों, निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक सहित साइबर सेल में पदस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को 10 दिवसीय बेसिक एवं एडवांस लेवल साइबर क्राइम इन्वेस्टीगेशन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन साईं बाबा आदर्श महाविद्यालय में किया गया।

 कंप्यूटर लैब में अधिकारी/कर्मचारी विधिवत रूप से प्रैक्टिकल प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण शिविर में नेशनल पुलिस एकेडमी हैदराबाद के तीन कुशल प्रशिक्षकों द्वारा साइबर क्राइम से संबंधित नवीन तकनीकी जानकारी सहित नये संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता के निर्देशन में साईं बाबा आदर्श महाविद्यालय के सभागार मे आयोजित किया गया। कार्यशाला का आयोजन दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया।

सरगुजा के आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि साइबर क्राइम का आरोपी कहीं दूर बैठकर किसी व्यक्ति के साथ घटना करता है, उस परिस्थिति में सबसे महत्वपूर्ण आरोपी से संबंधित तकनीकी जानकारी समय पर प्राप्त होना एवं मामले में तेजी से अग्रिम वैधानिक कार्यवाही करना होता है। आप सभी इस प्रशिक्षण से दक्ष हो और नयी तकनीकी जानकारियों से अवगत होकर साइबर अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण कि व्यवस्था बनाये,अगले 10 दिन सरगुजा संभाग एवं अन्य जिले से आए सभी अधिकारी कर्मचारी बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त करें एवं बेहतर पुलिसिंग कर आमनागरिकों को सुरक्षित परिवेश प्रदान करना सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बढ़ते हुए शहरीकरन के साथ साइबर क्राइम में भी तेजी से वृद्धि हुई हैं। वर्तमान समय में पुलिस को भी कार्यकुशल एवं तकनिकी रूप से सक्षम होने की अवश्यकता महसूस की जा रही थी। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार नेशनल पुलिस एकेडमी के प्रशिक्षकों को जिले तक भेजकर प्रशिक्षण प्रदान करवाना इस दिशा में एक बेहतर कदम होगा, साइबर क्राइम के मामलों में उच्च स्तर की विवेचना हेतु आप उत्साहित होकर प्रशिक्षण ले, साथ ही प्रशिक्षकों की टीम के बारे में बताते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि तेज तर्रार प्रशिक्षक टीम द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ट्रेनिंग दी गई है, आपसे प्रशिक्षण प्राप्त करना जिले के अधिकारियो कर्मचारियों के लिए गर्व का विषय है।

बेसिक एवं एडवांस लेवल साइबर क्राइम प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 मार्च तक प्रतिदिन जारी रहेगा, जिसमें प्रशिक्षकों द्वारा 30 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को कई तकनीकी गुर सिखाये जाएंगे।


अन्य पोस्ट