सरगुजा

नियमित लाइन कर्मियों की भर्ती न करने पर रोष, कहा-समस्या का निदान नियमित कर्मियों की भर्ती से ही संभव
09-Oct-2022 8:35 PM
नियमित लाइन कर्मियों की भर्ती न करने पर रोष, कहा-समस्या का निदान नियमित कर्मियों की भर्ती से ही संभव

राज्य विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन का क्षेत्रीय सम्मेलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 9 अक्टूबर।
विद्युत कर्मचारियों के सक्रिय संगठन जनता यूनियन का क्षेत्रीय सम्मेलन एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान समारोह 8 अक्टूबर को बिजली कॉलोनी गांधीनगर स्थित श्रम कल्याण भवन में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनता यूनियन के प्रांत अध्यक्ष सी के खांडे बिलासपुर,विशिष्ट अतिथि प्रांतीय महामंत्री अजय बाबर धमतरी एवं अध्यक्षता प्रांतीय सचिव जे के श्रीवास्तव ने किया। इनके साथ मंच पर प्रांतीय सह सचिव  अनिल त्रिपाठी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष विजय गुप्ता, क्षेत्रीय सचिव एम एच अंसारी एवं वरिष्ठ सदस्य एस एस ठाकुर उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सरगुजा, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर एवं जसपुर जिले से पधारे लगभग 250 सेवानिवृत्त एवं वर्तमान कर्मचारियों ने भाग लिया। सम्मेलन में 45 महिला कर्मचारियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई।

कर्मचारी हितों के लिए सदैव सेवारत एवं संघर्षशील विद्युत कर्मचारी जनता यूनियन के इस सम्मेलन में 41 नए सदस्यों ने नवीन सदस्यता ग्रहण की। नवागंतुक सदस्यों ने अतिथियों द्वारा संगठन प्रवेश प्रतीक चिन्ह एवं बैच ग्रहण कर संगठन में विधिवत प्रवेश किया।

सम्मान समारोह के क्रम में विद्युत विभाग से सेवानिवृत्त जनता यूनियन के 48 समर्पित वरिष्ठ सदस्यों को निष्ठा, सेवा एवं समर्पण सम्मान, शॉल एवं श्रीफल से नवाजा गया। वहीं सेंट्रल कमेटी को विशेष आभार स्मृति चिन्ह एवं संगठन के कार्यों में उल्लेखनीय एवं तत्पर भूमिका निभाने एवं सेवा प्रदान करने के लिए जे के श्रीवास्तव जी को आजीवन संगठन सेवा सम्मानसे विभूषित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सी के खांडे जी ने अपने उद्बोधन में मंच से कहा कि कम्पनी प्रबंधन विद्युत विभाग के निजीकरण की ओर धीरे धीरे कदम बढ़ा रही है। जो प्रदेश के लाखों गरीब उपभोक्ताओं के लिए घातक है। निजीकरण के बाद मुफ्त बिजली, अनवरत विद्युत सेवा और देयक में छूट का लाभ मिलना मुश्किल हो जाएगा।

प्रांतीय महामंत्री अजय बाबर ने कहा कि प्रबंधन कर्मचारियों के हित और सुविधा में निरंतर कमी कर रही है। नवीन पदों का सृजन और भर्तियां नहीं हो रही। जिसके कारण वर्तमान कर्मचारी वर्ग शोषित और पीडि़त हो रहा है। अध्यक्षीय उद्बोधन में जे के श्रीवास्तव ने विद्युत कंपनी द्वारा नियमित लाइन कर्मचारियों की भर्ती न करने पर रोष जताया और कहा कि नए वितरण केंद्र खोलने से न समस्या हल होगी, न सुविधा में विस्तार होगा। समस्या का निदान नियमित फील्ड कर्मचारियों की भर्ती और संविदा कर्मियों के नियमितीकरण से ही संभव है।

इस अवसर पर यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष यतींद्र गुप्ता ने क्षेत्रीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि जनता यूनियन विभिन्न कैडर की पदोन्नति, उच्चतर वेतनमान के प्रकरण, वरिष्ठता सूची का समायाधीन प्रकाशन, स्थानांतरण से जुड़े मुद्दों और स्थानीय मांग एवं आवश्यकताओं को प्रबंधन के संज्ञान में लाना और स्वस्थ संवाद कर सही समय पर उनका निराकरण एवं कार्यान्वित कराने हेतु सदैव प्रयासरत रहती है।

कार्यक्रम की शुरुआत रैली से हुई जिसमें मेजबान कमेटी ने सडक़ के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े होकर अतिथियों का स्वागत पुष्प वर्षा, ढोल नगाड़ा एवं आतिशबाजी से किया।


अन्य पोस्ट