सरगुजा
पड़ोसी ने पकड़ा, अब पुलिस के हवाले, पूछताछ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 अक्टूबर। नगर के भट्टी रोड में रविवार की दोपहर घर के सामने खेल रही बच्ची को एक महिला द्वारा उठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि अज्ञात महिला बच्ची को चॉकलेट देकर पहले फुसलाया फिर अपने साथ लेकर जा रही थी। पड़ोसी ने जब अज्ञात महिला को देखा तो उससे पूछताछ किया। पकड़े जाने के डर से महिला चिल्लाने लगी। बच्ची के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। आखिरकार लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को पकड़ कर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार नगर के भट्टी रोड निवासी वत्सल मेहता की 5 वर्ष की पुत्री घर के सामने अपनी सहेलियों के साथ खेल रही थी। उसी दौरान एक अज्ञात महिला वहां पहुंची और बच्ची को बहलाते हुए उसे अपने साथ गोद में उठाकर ले जाने लगी। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले निशांत वर्मा नामक युवक ने अज्ञात महिला को बच्ची के साथ देखा तो उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ करने पर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया और अपने कपड़े उतारने लगी। यह देखकर वहां और लोगों की भीड़ लग गई। बच्ची के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस महिला को अपने साथ ले गई है। उससे पूछताछ जारी है।