सरगुजा

जगह-जगह विराजे विघ्नहर्ता, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
31-Aug-2022 8:51 PM
जगह-जगह विराजे विघ्नहर्ता, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,31 अगस्त। दस दिवसीय गणेश उत्सव उत्साह, उमंग व श्रद्धा भाव के साथ भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापना के साथ आरंभ हो गया है। कोरोना काल को देखते हुए इस बार प्रतिमा की स्थापना की छूट तो मिली है पर लोगों ने समझदारी का परिचय देते हुए शहर के सार्वजनिक स्थानों में बड़ी-बड़ी प्रतिमाएं स्थापित करना छोड़ घरों में छोटी-छोटी प्रतिमाएं स्थापित करने का नया दौर शुरू कर दिया है।

एक दिन पूर्व से ही बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित गणपति बप्पा की प्रतिमा लेकर अपने-अपने घर उत्साह और उमंग के साथ पहुंचे। दूसरे दिन बुधवार को शुभ मुहूर्त में प्रतिमाओं का मंत्रोच्चार के साथ स्थापना कर पूजा अर्चना करना आरंभ कर दिया है। लोग अपने घरों में गणपति की आराधना शुरू करने के साथ शहर के सार्वजनिक पंडालों में भी प्रशासन की गाइड लाइन के अनुसार छोटी-छोटी प्रतिमाएं स्थापित किए हैं। अधिकतम 5 फीट की प्रतिमा ही स्थापित करने की अनुमति मिली है। विघ्नहर्ता की पूजा अर्चना और उत्साह में कोई कमी नहीं है।शहर में ही नहीं बल्कि पूरे जिले के गांव गांव में गणेश उत्सव में लोगों को डूब गए हैं। ग्रामीण इलाकों में सार्वजनिक पंडालों को सजाकर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। अब लगातार दस दिनों तक विघ्नहर्ता की पूजा-अर्चना होगी।

घरों में विराजे गणपति, हुई आरती
इस बार घरों में लोगों ने भगवान गणपति की प्रतिमा सर्वाधिक संख्या में स्थापित की है। पूरे साज-सज्जा के साथ परिवार के लोग पूजा अर्चना कर रहे हैं। दोपहर से ही स्थापना का दो शुरू हो गया था जो रात्रि तक जारी रहा। खासकर बच्चों में ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है। कोरोना संक्रमण से उबरे लोग अब जाकर इस बार गणपति की पूजा अर्चना में खुलकर श्रद्धा भाव और उत्साह दिखा रहे हैं।

इको फ्रेंडली प्रतिमाएं घर-घर में विराजे
इस बार इको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा को लेकर लोगों ने खूब जागरूकता दिखाई है। लोग अपने घरों में ही गणेश की प्रतिमा बनाकर उसे साज-सज्जा कर रहे हैं। प्रतिमा के निर्माण में केवल मिट्टी का प्रयोग हो रहा है।
अधिकांश घरों में इको फ्रेंडली गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इंटरनेट मीडिया पर भी लोग इसे पोस्ट कर रहे हैं और लोगों को जागरूक कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट