सरगुजा

रामगढ़ में तेजी से हो रहा पर्यटन सुविधाओं का विस्तार
23-Jul-2022 8:35 PM
रामगढ़ में तेजी से हो रहा पर्यटन सुविधाओं का विस्तार

कलेक्टर ने दिए गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं करने के दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर 23 जुलाई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुरूप राम वन गमन परिपथ के तहत रामगढ़ में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। रामगढ़ में अब  राम वन गमन परिपथ के तहत कई निर्माण कार्य तेजी से ले रहे हैं।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने शुक्रवार को जिला पंचायत सीईओ विनय कमार लंगेह एवं डीएफओ पंकज कमल के साथ रामगढ़ में  चल रहे निर्माण कार्यांे का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी निर्माण कार्यां का बारीकी से निरीक्षण करते हुए किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

राम वन गमन परिपथ अंतर्गत रामगढ़ में करीब 6.8 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है जिसमें भगवान श्री राम की विशाल प्रतिमा सहित पर्यटन सूचना केंद्र, विशाल प्रवेश द्वार, डॉरमेट्री निर्माण सहित  अन्य कार्य वन विभाग द्वारा कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कर्यों में तकनीकी सहायता प्रदान करने हेतु लोक निर्माण विभाग के एक इंजीनियर की ड्यूटी लगाने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कांक्रीटीकरण के लिए श्रमिकों द्वारा तैयार किये जा रहे रेत गिट्टी व सीमेंट के मिश्रण का अवलोकन करते हुए  मिश्रण अनुपात की जानकारी ली और निर्धारित अनुपात में मिश्रण तैयार करने के निर्देश दिए।  इसी प्रकार प्रतिमा स्थापना के लिए बनने वाले आधार को मजबूत व गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही राम वन गमन परिपथ अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्य के आस-पास के क्षेत्र को भी पर्यटकों के लिए विकसित करने के निर्देश दिए।

632 सीढी चढ़ रामगढ़ की पहाड़ी तक पहुंचा प्रशासनिक अमला-
कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार लंगेह, डीएफओ पंकज कमल सहित अन्य प्रशासनिक अमला शुक्रवार को करीब 632 सीढ़ी चढ़ रामगढ़ की पहाड़ी तक पहुंचा। कलेक्टर ने पहाड़ी के ऊपर स्थित श्री राम जानकी मंदिर के स्थानीय बैगा से बातचीत की और वहां श्रद्धालुओं के सुविधा की आवश्यकता पर भी चर्चा की।

बैगा श्री सुखनाथ की मांग पर उन्होंने शेड निर्माण, प्रतीक्षालय व पेयजल आदि की उपलब्धता हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जनपद सीईओ को दिए। कलेक्टर ने रामगढ़ के सीताबेंगरा से राम जानकी मंदिर जाने की सीढ़ी तक चल रहे सडक़ निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने सडक़  निर्माण में जिन पेड़ों को काटना बहुत जरूरी है उन्हीं पेड़ों को काटने तथा एक पेड़ के कटने  पर उसके विरुद्ध 100 पेड़ लगाने के निर्देश दिए।

इस दौरान एसडीएम अनिकेत साहू, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता व्हीके बेदिया, वन विभाग के एसडीओ विजेन्द्र सिंह, जनपद सीईओ पारस पैंकरा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट