सरगुजा

14 से चलेगी अंबिकापुर-दिल्ली के लिए नई ट्रेन
11-Jul-2022 7:44 PM
14 से चलेगी अंबिकापुर-दिल्ली के लिए नई ट्रेन

रेल मंत्री वर्चुअली व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 जुलाई।
अम्बिकापुर से नई दिल्ली तक ट्रेन चलाए जाने की बहुप्रतीक्षित मांग सरगुजावासियों की पूरी होती दिख रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने सोशल मीडिया पर जो जानकारी शेयर की है, उसके मुताबिक 14 जुलाई से अम्बिकापुर से नई दिल्ली तक ट्रेन सेवा प्रारंभ होगी। प्रात: 9 बजे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह हरी झंडी दिखाकर रेल को रवाना करेंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. लरंगसाय द्वारा बिश्रामपुर तक रेल सुविधा दिए जाने के उपरांत पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के कार्यकाल में बिश्रामपुर से अंबिकापुर तक रेल सुविधा प्राप्त होने के लगभग 32 वर्ष व 16 वर्ष के अंतराल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में सरगुजा सांसद व केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह की सार्थक पहल एवं विशेष प्रयासों से सरगुजा को रेल यातायात की दृष्टि से राजधानी दिल्ली तक सीधी यात्री सेवा की बहुप्रतीक्षित सुविधा प्राप्त हुई है। यह रेल अपने संभावित मार्ग अंबिकापुर से अनूपपुर कटनी मईहर सतना करवी कानपुर के रास्ते होते हुए नई दिल्ली तक लगभग बारह सौ किलोमीटर का सफर तय करेगी, यह सफर अनुमानित 20 घंटे में पूरी होगी।

14 जुलाई को केंद्रीय रेल मंत्री व सरगुजा सांसद के हाथों होने वाले शुभारंभ कार्यक्रम के सफलता पूर्वक आयोजन के लिए मंत्री के निर्देश पर भाजपा उपाध्यक्ष अंबिकेश केसरी भाजपा उपाध्यक्ष विनोद हर्ष, रेलवे श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष राज किशोर चौधरी व मुकेश अग्रवाल ने रेलवे स्टेशन पहुँच कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारियों का जायजा लिया।

इस अवसर पर अंबिकेश केसरी ने शुभारंभ कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 14 जुलाई को प्रात: 9 बजे केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव वर्चुअली तथा केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री रेणुका सिंह द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर नव स्वीकृत रेल को रवाना किया जाएगा।

श्री केसरी ने कहा कि सरगुजा संभाग के लिए यह प्रसन्नता का क्षण है, यह बहुप्रतीक्षित सौगात  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं सांसद रेणुका सिंह के कार्यकाल में ही संभव हो पाया, यह सुविधा जन भावनाओं के अनुरूप है, जिसका हम सभी सरगुजावासी हृदय से स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री केंद्रीय रेल मंत्री एवं सांसद का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। इस अवसर पर अनुभाग अभियंता कार्य साकेत गुप्ता सहायक मंडल अभियंता नवल सिंह स्टेशन मास्टर सहित रेलवे के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि सरगुजावासी रेल विस्तार की लगातार मांग उठा रहे थे। रेलवे संघर्ष समिति ने अध्यक्ष देवेश्वर सिंह के नेतृत्व भी इसके लिए आवाज उठाया गया था। इसी बीच सरगुजा सांसद एवं केंद्रीय जनजातीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसकी जानकारी दी है।  इस खबर से सरगुजावासियों में खुशी की लहर है।अब सरगुजावासियों के लिए भी दिल्ली दूर नहीं होगी। 16 वर्षों से चली आ रही ये मांग 14 जुलाई को पूरी होने वाली है।
 
अंबिकापुर से दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन शुरु किए जाने की मांग कई वर्षों से चलते आ रही हैं,इसके लिए कई आंदोलन भी हुए। अम्बिकापुर से दिल्ली तक ट्रेन चलने से सरगुजा वासियों का सीधा पूरा हो दिल्ली से हो जाएगा। व्यापार कि दृष्टिकोण से भी व्यापारियों को काफी लाभ मिलेगा, इलाज ले लिए दिल्ली जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए युवाओं को मार्ग प्रशस्त होगा। राजनीतिक दृष्टिकोण से भी नेताओं को दिल्ली पहुंचना आसान होगा।


अन्य पोस्ट