सरगुजा

पूर्व सांसद चक्रधारी सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
31-May-2022 9:52 PM
पूर्व सांसद चक्रधारी सिंह का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

अम्बिकापुर, 31 मई। सरगुजा के पूर्व सांसद चक्रधारी सिंह का निधन आज मिशन अस्पताल में हुआ। आज उनके गृहग्राम बरगांवा दरिमा में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार हुआ। मुखाग्नि उनके भतीजे सुजीत सिंह ने दी। उन्हें श्रद्धांजलि देने कांग्रेसियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
परिवार में केवल उनकी पुत्री डॉ. आभा हैं, जो होलीक्रॉस हास्पिटल में ही पदस्थ हैं। चक्रधारी सिंह वर्ष 1980 से 1984 तक सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के संसद सदस्य थे। उनका जन्म 1936 में हुआ था। उनके निधन का समाचार मिलते ही सरगुजा कांग्रेस में शोक की लहर है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। उनके अंतिम संस्कार में अजय बंसल, आलोक दुबे , दीपक मिश्रा, लालचंद यादव, त्रिभुवन सिंह, प्रमोद कुमार त्रिपाठी, विनोद त्रिपाठी, गोपाल केसरवानी, सत्येंद्र तिवारी, शिवमंगल सिंह, सुधांशु गुप्ता, संजय गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, दिवाकर दुबे, परवेज आलम गांधी,  अमृतलाल ध्रुव, इरशाद अहमद, पुलिस विभाग के अधिकारी व परिवार के लोग एवं ग्रामीणजन शामिल हुए।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि अपनी सादगी और व्यवहार के कारण वे काफी लोकप्रिय थे। पेशे से अधिवक्ता होने के कारण सीधे लोगों से उनका जुड़ाव था। यह सरगुजा के लिए अपूरणीय क्षति है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भी चक्रधारी सिंह के निधन पर शोक जताया है और अंतिम विदाई देने पहुंचे थे।


अन्य पोस्ट