सरगुजा

दैवेभो कर्मचारी संघ ने धरना-प्रदर्शन कर स्वास्थ्य मंत्री का बंगला घेरा
21-Mar-2022 8:07 PM
दैवेभो कर्मचारी संघ ने धरना-प्रदर्शन कर स्वास्थ्य मंत्री का बंगला घेरा

सिंहदेव ने फोन पर कर्मियों से की बात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 मार्च।
दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के सामने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद की। धरना-प्रदर्शन उपरांत सरगुजा संभाग के एक हजार से अधिक कर्मचारियों ने रैली निकाल स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव के बंगले का घेराव किया।

कर्मचारियों की मांग थी कि प्रदेश सरकार ने घोषणा पत्र में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमितीकरण करने की घोषणा की थी, लेकिन सरकार ने अब तक नियमितीकरण नहीं किया है, वहीं उच्च अधिकारियों द्वारा आए दिन दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को छंटनी कर हटाया जा रहा है। जिसको लेकर मंत्री से इसकी शिकायत भी की है।

स्वास्थ्य मंत्री का बंगला घेराव करने पहुँचे कर्मचारियों से मंत्री ने फोन पर बात कर कहा कि नियमितीकरण इस समय नहीं हो सकता है। दूसरी ओर जो उच्च अधिकारियों द्वारा छंटनी किया जा रहा होगा तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इधर कर्मचारियों ने मांगें नहीं पूरी होने पर आने वाले समय में फिर से उग्र आंदोलन करने के बात कही है।


अन्य पोस्ट