सरगुजा

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सरगुजा में बारिश, भारी ओलावृष्टि, येलो अलर्ट
28-Dec-2021 8:34 PM
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सरगुजा में बारिश, भारी ओलावृष्टि, येलो अलर्ट

फीडर फेल होने से अंबिकापुर में 2 घंटे ब्लैकआउट, कई समितियों में धान भीगने की खबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,28 दिसंबर।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा में मंगलवार की शाम झमाझम बारिश व ओलावृष्टि हुई।  सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिला के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत प्रतापपुर-धर्मपुर मार्ग के गेरुवा मुड़ा ग्राम पंचायत क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि हुई है। सडक़ों पर 5 इंच तक ओलावृष्टि दिख रही थी और पूरा क्षेत्र सफेद चादर ओढ़े हुए दिख रहा था। ओलावृष्टि से यहां किसानों के फसल खराब होने की भी खबर है।

संभाग मुख्यालय अंबिकापुर की बात करें तो यहां भी शाम 5 बजे अंधेरा छा गया और गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई। अम्बिकापुर में बारिश शुरू होते ही बिशुनपुर फीडर फेल हो जाने से पूरे अंबिकापुर शहर में बिजली गुल हो गई, 2 घंटे के ब्लैकआउट के बाद पूरे शहर में बिजली व्यवस्था बहाल हो पाई।


मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटे के लिए पूरे सरगुजा को येलो अलर्ट पर रखा है। वहीं बेमौसम बारिश होने से समिति में कई जगह खुले में रखे धान के भीग जाने की खबर है, हालांकि कई जगह समिति द्वारा बारिश को देखते हुए बचाव हेतु तालपत्री की व्यवस्था की गई थी। समाचार लिखे जाने शाम 6 बजे तक झमाझम बारिश जारी थी।
 
विक्षोभ के प्रभाव के कारण सरगुजा संभाग के कई जिलों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका पहले ही जताई थी। देर सरगुजा के कई क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि होने की खबर है। विभाग के अनुसार 29 और 30 को भी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका व्यक्त की गई है। सोमवार से ही सरगुजा के आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे। मंगलवार को तडक़े 4 से 5 बजे के बीच हल्की बूंदाबांदी भी हुई थी। आसमान में दिनभर घनघोर बादल छाए रहे। शाम 5 बजे हल्की हवा चलने के साथ-साथ मेघ गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश व ओलावृष्टि हुई। आसमान में बादल छाने व बारिश होने से लोगो को ठंड से राहत मिली है।
 
मौसम विभाग के अनुसार हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा के रूप में उत्तर हरियाणा और उसके आसपास वातावरण के निम्न स्तर पर स्थित है। एक द्रोणिका उत्तर-पूर्व राजस्थान से विदर्भ तक पश्चिमी मध्यप्रदेश होते हुए वातावरण के निम्न स्तर पर स्थित है, इस वजह से ठंड में काफी कमी महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत से ठंडी हवाएं आना बंद हो गई है। विक्षोप के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के अधिकांश क्षेत्र मेघमय रहे और बारिश हुई। 29 दिसंबर तक सरगुजा में बारिश व ओलावृष्टि की आशंका  है। इसके बाद से उत्तर भारत से ठंडी हवाएं आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। 31 दिसंबर से ठंड पुन: तेवर दिखाएगी।


अन्य पोस्ट