सरगुजा
अम्बिकापुर, 22 दिसंबर। नगरीय निकाय चुनाव की आचार संहिता हटने के बाद शहर की सडक़ों संधारण का काम शुरू कराया जाएगा। बजट की प्रत्याशा में डामरीकरण के लिए तीन करोड़ की निविदा भी कर ली गई है।
राज्य श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष व नगर निगम के लोक निर्माण विभाग के प्रभारी शफी अहमद ने बताया कि सडक़ों के डामरीकरण के लिए शासन को पूर्व में 24 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया था। पुन: उसे पुनरीक्षित कर लगभग 30 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। नए प्रस्ताव में नगर निगम की सभी प्रमुख सडक़ो सहित कुल 145 सडक़ों और गलियों का नए सिरे से डामरीकरण करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव की इस संबंध में नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव डहरिया से भी चर्चा हुई है। मैंने स्वयं कई बार विभागीय मंत्री डॉ. डहरिया जी मिलकर बात रखा है। उन्होंने नगरीय निकाय चुनाव के बाद आवश्यकता और उलब्धता अनुसार राशि उपलब्ध कराने की सहमति दी है। वित्त सचिव को भी अम्बिकापुर नगर निगम क्षेत्र में आवश्यक कार्यों के लिए जरूरी राशि के सम्बंध अवगत कराया है। उन्होंने भी बजट उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। उम्मीद है। 23 दिसम्बर के बाद डामरीकरण के लिए राशि स्वीकृत कर आबंटन जारी कर दिया जाएगा।


