सरगुजा

गोधन योजना, गौ संरक्षण सहित सभी जीव जंतुओं की सुरक्षा पर चर्चा
10-Dec-2021 8:32 PM
गोधन योजना, गौ संरक्षण सहित सभी जीव जंतुओं की सुरक्षा पर चर्चा

राज्य गौ सेवा आयोग अध्यक्ष का दो दिवसीय सरगुजा दौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,10 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास महाराज पीठाधीश्वर दूधाधारी मठ रायपुर तथा शिवरीनारायण मठ का दो दिवसीय सरगुजा यात्रा संपन्न हुआ। इन दो दिनों में उन्होंने रायपुर से चलकर सरगुजा के जिला बैकुंठपुर तथा सूरजपुर में पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट में ली। यहां उन्होंने गौवंश संवर्धन, गोधन योजना, गौ संरक्षण सहित सभी जीव जंतुओं की सुरक्षा के उपाय पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया और प्रशासनिक अधिकारियों को संरक्षण एवं संवर्धन के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि राज्य निर्माण के 15 वर्षों के पश्चात भी इन जिलों में पशु क्रूरता  निवारण समिति की एक भी बैठक आज तक आहुत नहीं हो पाई है। यह पहला मौका था जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के किसी अध्यक्ष ने पशु क्रूरता  निवारण के विषय पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। राजेश्री महन्त महाराज जहां एक ओर अपनी इस यात्रा में गौ संरक्षण एवं संवर्धन पर अपना ध्यान केंद्रित रखें, वहीं दूसरी ओर उन्होंने अपने अध्यात्मिक पक्ष का भी ध्यान रखा और सुबह होते ही प्रात: कालीन बेला में भगवत पूजन एवं दर्शन के कार्यक्रम में शामिल हुए। वे बैकुंठपुर में स्थित प्रेमा बाग के हनुमान जी एवं नव दुर्गा माता के मंदिर में दर्शन के लिए उपस्थित हुए। यहां के पुजारियों ने उन्हें भगवान का दर्शन कराया।

वे कुछ समय के लिए बैकुंठपुर जिला मुख्यालय के समीप में स्थित झुमका बांध भी भ्रमण के लिए गए, जहां उन्होंने अपने सहयोगियों सहित बांध परिक्षेत्र में भ्रमण किया। दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट बैकुंठपुर तथा शाम 3 बजे सूरजपुर पहुंचकर जिला स्तरीय पशु क्रूरता निवारण समिति के बैठक में शामिल होकर अंतत: शाम 4 बजे दूधाधारी मठ रायपुर के लिए रवाना हुए। प्रशासनिक मीटिंग में उनके साथ छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के सदस्य अटल यादव, प्रशांत मिश्रा, मीडिया प्रभारी निर्मल दास वैष्णव एवं जिले के संबंधित विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट