सरगुजा

मांगों के लिए सदन से सडक़ तक संघर्ष करना होगा-सिंहदेव
20-Nov-2021 7:54 PM
मांगों के लिए सदन से सडक़ तक संघर्ष करना होगा-सिंहदेव

कृषि कानूनों की वापसी पर कांग्रेस ने किसान विजय दिवस मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,20 नवम्बर।
तीन नए कृषि कानूनों की वापसी पर कांग्रेस ने किसान विजय दिवस मनाया। प्रदेश के पंचायत एवं स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि किसानों ने इस देश को लोकतंत्र वापस दिया है। आज हम कल्पना कर सकते हैं कि हमारे पुरखों ने आजादी के लिए कितना संघर्ष किया होगा।

राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के सामने ऐसी सरकार थी जो आयी तो लोकतांत्रिक व्यवस्था से है, लेकिन लोकतंत्र और संविधान में उनकी आस्था नहीं है। किसी लोकतांत्रिक देश में उस देश का किसान एक साल सडक़ पर बैठा हो, दूसरा उदाहरण खोजने से नहीं मिलेगा। आंदोलनरत सात सौ से ज्यादा किसानों की शहादत, सैकड़ों मुकदमे, मंत्री पुत्र द्वारा किसानों को ट्रैक्टर से रौंदने के बाद भी केंद्र की सरकार चुनाव के डर से पीछे हटी है। फासीवादी विचारधारा वालों की सरकार है, जनता का भय कम हुआ तो ये पूरी तरह तानाशाह बन जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के बयान सबने सुना है। जिस तरह उन्होंने माब लिंचिंग का समर्थन किया, यह सरकार की नीति और नीयत दोनो को समझने के लिए पर्याप्त है। कंगना जैसे लोग बिना सरकारी आशीर्वाद के आजादी और आजादी की लड़ाई में सब कुछ न्योछावर कर चुके लोगों का अपमान करने की हिम्मत नहीं जुटा सकते।

टीएस सिंह देव ने कहा कि यह समय भारत के लोकतंत्र को बचाने का है। किसानों ने संघर्ष का राह दिखाया है, हमें अपनी जायज मांगो के लिए सदन से सडक़ तक संघर्ष करना होगा। हम सत्ता को पांच साल मनमानी करने नहीं दे सकते।
 
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अरविंद सिंह गप्पू ने कृषि कानूनों की कमियों के जिक्र करते हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए कानून बनाने की बात कही। उन्होंने कहा किसानों ने एकजुटता के बल पर उनको झुका दिया जो अन्नदाताओं को आतंकवादी, नक्सली, खालिस्तानी कहते नहीं थकते थे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य आदित्येश्वर सिंहदेव,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, ग्रामीण अध्यक्ष बंटी शर्मा, दुर्गेश गुप्ता,सय्यद अख्तर,मो इस्लाम,अजय सिंह, आशीष वर्मा, दिलीप धर, संजीव मंदिलवार, मधु दीक्षित, शैलेन्द्र सोनी, हिमांशु जायसवाल, अनूप मेहता, नरेंद्र विश्वकर्मा, सुदामा कुर्रे, माधवेन्द्र सिंह, संजय सिंह,कलीम अंसारी,चुनमुन तिवारी,जमील खान,पप्पन सिन्हा, आतिफ रजा,जगजीत मिंज,नीलम सिंह,रूही गजाला, गीता रजक,गीता प्रजापति,आनंदी तिग्गा,शकीला सहित निखिल विश्वकर्मा,अविनाश कुमार समेत कांग्रेसजन उपस्थित थे।

नेता में दूरदर्शिता जरूरी न कि जिद
पंचायत मंत्री टीएस सिंह देव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का साल भर पुराना वीडियो दिखाते हुए कहा कि नेता दूरदर्शी होना चाहिए जिद्दी नहीं। राहुल गांधी जो बात महीनों पहले कहते है वह मोदी बाद में करते हैं। उन्होंने सदन में कहा ये बिल वापस लेना ही पड़ेगा, आज स्थिति सामने है। कोरोना के मामले बढऩे की बात हो, मास्क की अनिवार्यता, वैक्सीनेशन का मसला हो या फिर महंगाई बढऩे और जीडीपी गिरने की बात राहुल गांधी ने केंद्र की सरकार को हर बार चेताया है। मोदी और उनकी टीम हर बार पहले राहुल जी का मजाक उड़ाती है। बाद में लोगों को परेशानी में डाल कर करती वही है।

शहीद किसानों के लिय मौन
किसान विजय दिवस कार्यक्रम के आरंभ में किसान आन्दोलन में शहीद हुए सात सौ से ज्यादा किसानों को श्रद्धांजलि दी गयी। शहीदों के लिए दो मिनट का मौन रख प्रार्थना की गई।


अन्य पोस्ट