सरगुजा
दो साल पुराने अंधे कत्ल का खुलासा, मुख्य आरोपी झारखंड से गिरफ्तार, एक की तलाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 नवंबर। अंबिकापुर नगर से लगे बधियाचुआं पहाड़ में 2 वर्ष पहले हुए युवक के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में बताया कि पैसे के लेनदेन के चलते उसके साथ रहने वाले युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले उसे शराब पिलाया और फिर बाद में सहयोगी की मदद से उसके सिर में पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी को झारखंड के रांची से गिरफ्तार कर लिया है, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए सरगुजा एसपी अमित तुकाराम कांबले ने बताया कि 6 फरवरी 2020 को एक अज्ञात लाश बधियाचुआं पहाड़ के पास पड़ी हुई मिली थी। जिसका सिर पत्थर से कुचला हुआ चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। उम्र 25-30 साल के बीच की थी। जिस पर थाना अम्बिकापुर में हत्या के अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में अज्ञात लाश की शिनाख्त हेतु आसपास के जिले व राज्यों से संपर्क किया गया। जिनसे गुम इंसान के संबंध में जानकारी प्राप्त कर तस्दीक की गई।
अज्ञात लाश की पहचान करने में कड़ी मेहनत व प्रचार-प्रसार के बाद अज्ञात मृतक आजाद अंसारी निवासी बभंडीह पो. नवाडीह थाना रामगढ़ बेड़मा जिला पलामू झारखंड का होना पता चला। जिसकी पुष्टि हेतु अज्ञात लाश के भाई का डीएनए सैम्पल प्रिजर्व कर परीक्षण हेतु भेजा गया था। परीक्षण की रिपोर्ट आने बाद अज्ञात लाश की पहचान आजाद अंसारी के रूप में पुष्टि हुई। घर वालों से पूछताछ बाद पता चला कि मृतक और दो अन्य व्यक्ति साथ में काम करने अम्बिकापुर गये थे, जो वहां रहकर मजदूरी का काम करते थे।
मामले में शिनाख्तगी पश्चात हत्या के आरोपियों की पतासाजी हेतु 4 से 5 बार पुलिस टीम बिहार, झारखंड, हैदराबाद के कई स्थानों पर छापेमारी की गई। जहां कड़ी मेहनत और लगभग सैकड़ों व्यक्तियों से पूछताछ के बाद हत्या के आरोपी इमामुद्दीन अंसारी (29) ग्राम सिसवा पो. उदयपुर थाना रमकंडा जिला गढ़वा झारखंड को करबला चौक रांची झारखंड से गिरफ्तार कर थाना लाया गया। जिससे घटना के संबंध में पूछताछ करने पर अपने पैसे के लेने देने के संबंध के विवाद होने के कारण रात में बधियाचुआ पहाड़ पर ले जाकर शराब पिलाकर पत्थर से कुचलकर अपने एक अन्य साथी के साथ हत्या करना बताया। जुर्म स्वीकार करने पर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


