सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 नवंबर। सूर्योपासना का महापर्व छठ नहान खान के साथ सोमवार से शुरू हो रहा है। मंगलवार को घाट बंधान की रस्म अदा की जाएगी। बुधवार को ढलते सूर्य को अघ्र्य देने स्थानीय शंकरघाट बांकी नदी तट सहित नगर के समस्त छठ घाटों में श्रद्घालुओं का सैलाब उमड़ेगा।
सूर्योपासना के पर्व छठ के लिए आज स्थानीय गुदरी बाजार में पूजन सामग्रियों की जमकर खरीददारी हुई। छठ पर्व में साफ-सफाई का विशेष महत्व है, इसे देखते हुए पूरे घरों में अब सात्विक भोजन बन रहा है। प्रसाद के लिए पारंपरिक बर्तनों को साफ करने का काम भी व्रती महिलाएं करती हुई दिखीं। घर-घर पकवान व प्रसाद बनाए जा रहे हैं। छठ पूजन के लिए जरूरी पूजन सामग्री व मौसमी फलों कंद, मूल, बांस से बने सामान की जमकर बिक्री हो रही है। पूरा बाजार छठ पर्व को लेकर एक बार फिर उत्साह व चहल-पहल में बदल चुका है।

नगर के शंकरघाट बांकी नदी तट पर कई वर्षों से महामाया सेवा समिति द्वारा छठ महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यहां छठ के दिन हजारों श्रद्घालु एक साथ सूर्योपासना के लिए उमड़ते हैं। इसको देखते हुए शंकरघाट में व्यापक तैयारी की गई है।
घाट में करीब एक किलोमीटर के दायरे को व्यवस्थित किया गया है, जहां श्रद्घालु सूर्योपासना करेंगे। नहान-खान के 1 दिन पहले छठ घाट की व्यवस्था देखने कलेक्टर, एसपी, एडिशनल एसपी, होमगार्ड कमांडेंट, सीईओ सहित नगर निगम के अधिकारी, सीएमएचओ मौके पर पहुंचे थे। व्यवस्था बनाते दौरान समिति के मुखिया विजय सोनी, टीनू सिंह, संजीव मंदिलवार, सूरज पांडेय, कांत दुबे, रवि शंकर पांडेय, चंदा पांडेय, पिंटू तिवारी, सुनील दुबे, दीपक सिन्हा, शैलू सोनी, शंकर प्रजापति, सूटन सिंह, राधे कुशवाहा, पप्पू ठाकुर, बबलू कुशवाहा, कृष्णा, सनी कुशवाहा, संजय सिंह, अंशु सिंह सहित भारी संख्या में समिति से जुड़े लोग मौजूद थे।

व्रती महिलाओं ने गेहूं को प्रसाद के लिए चक्की से पीसा
उपवास रखने वाली महिलाएं घर में स्वयं अपने हाथों से प्रसाद बना रही हैं। चक्की में पीसकर लाल गेंहू के आटे से बनने वाले विशेष प्रसाद हर घर में बनाई जा रही है। प्रसाद आम की लकड़ी जलाकर तैयार किया जाता है।
उधर बाजार में छठ पूजन की सामग्री व बांस से बनने वाले सुपा, टोकनी, दौरा, कंदमुल, गुड, सुथनी, अघरौटा बनाने का सांचा, मूंगफली, कच्चा नारियल, महावर व अन्य मौसमी फल व तरह-तरह के आवश्यक पूजन सामग्री की जमकर खरीददारी हो रही है।
आकर्षण का केन्द्र रहेगा शंकरघाट
संभाग मुख्यालय में बांकी नदी तट पर अद्भूत प्राकृतिक सौंदर्य लिए शंकरघाट सूर्योपासना के महापर्व के लिए आकर्षण का केन्द्र रहता है। प्राकृतिक सौंदर्य लिए शंकरघाट को और आकर्षक रूप देने में महामाया सेवा समिति लगी हुई है। समिति के मुखिया विजय सोनी ने बताया कि श्रद्घालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न आए इसके लिए समिति ने अपनी ओर से पुख्ता इंतजाम किया है।


