सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 नवम्बर। सुख समृद्घि व खुशहाली व दीपों के पर्व दीपावली के पूर्व सोमवार को धनतेरस के लिए बाजार सज गया है। धनतेरस पर सुबह से रात तक खरीदी का मुहूर्त होने से व्यवसायियों को अच्छे व्यवसाय की उम्मीद है।
धनतेरस पर ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल व बर्तन का बाजार गुलजार रहने की उम्मीद है, वहीं फर्नीचर, कपड़े की दुकानें भी सज चुकी हैं। घरों की सजावट, मिष्ठान, प्रसाद, मिट्टी के दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां, फोटो, पोस्टर, झालर सहित अन्य सजावट के सामान बेचने वाले छोटे व्यवसायियों को भी बेहतर व्यवसाय की उम्मीद है। यही कारण है कि बड़े से लेकर छोटे व्यवसायी भी इस बड़े त्यौहार को लेकर खासे उत्साहित हैं। दीपावली के पूर्व संभाग मुख्यालय अंबिकापुर के बाजार में खासी रौनक है।
पुष्य नक्षत्र के साथ ही पांच दिनों के दीपावली पर्व की शुरुआत हो जाती है। इस वर्ष पुष्य नक्षत्र में बाजार उम्मीद से कम रहा। इस कारण व्यापारियों की उम्मीद धनतेरस से जुड़ी है। धनतेरस को धन्वंतरी की पूजा के लिए जमकर तैयारियां हो रही हैं। लोग अपने घरों से लेकर व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में भी दीपावली की तैयारी में जुटे हुए हैं। ऐसे में बाजार में रौनक आ गई है।
बड़े व्यवसायियों के साथ छोटे व्यवसायियों ने भी दीपावली पर्व में जरूरत के हर सामान बाजार में सजा दिया है, जो बरबस ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। हर व्यवसायी को दीपावली महापर्व में जमकर व्यवसाय की उम्मीद है। दीपावली को अब तीन दिन शेष है। ऐसे में शहर का बाजार पूरी तरह रौनकता के उन्माद में है। चारों तरफ भीड़भाड़ व चहल-पहल ने दीपावली का एहसास तीन दिन पहले ही करा दिया है। लोग दीप पर्व के लिए हर छोटी से छोटी चीजों की खरीददारी कर रहे हैं। पूजन सामग्री से लेकर घर को सजाने के लिए आकर्षक झालर, देवी-देवताओं की मूर्तियां, रंगोली के लिए तरह-तरह के रंगों, पोस्टर, फोटो, मिट्टी के दीये व पूजन के लिए लाई, बताशा सहित हर साजो सामान एकत्रित कर रहे हैं।
बाजार में मिट्टी के दीयों की जमकर बिक्री हो रही है। यही नहीं बाजार में कपास से बनी बाती भी उपलब्ध है। लोगों को सिर्फ पैसे खर्च करने की जरूरत है। बाजार में हर प्रकार के साजो सामान उपलब्ध हैं। लोग अपने घरों को सजाने आर्टीफिशियल फूल-मालाएं, गुलदस्ते व कई प्रकार के आइटम खरीद रहे हैं। वर्ष में एक बार घर को दीपावली पर्व पर सजाया जाता है। इसमें कोई कोर कसर लोग नहीं छोड़ रहे हैं। अंबिकापुर का पूरा बाजार साजोसामान से अटा पड़ा है। यह खरीददारी दीपावली के दिन तक चलती रहेगी।
पारंपरिक बर्तनों का बाजार भी सजा
दीपावली पर पारम्परिक तौर पर बर्तनों की खरीददारी भी वर्षों से होती आ रही है। इसको देखते हुए नगर के सभी बर्तन दुकानों में तरह-तरह के स्टील, कांसे, पीतल के अत्याधुनिक बर्तन उपलब्ध कराए गए हैं। बर्तनों की खरीददारी मंगलवार को धनतेरस के दिन जमकर होने की उम्मीद है।
फर्नीचर की मांग कुछ वर्षों में हुई तेज
पिछले कुछ वर्षों से दीपावली के पूर्व धनतेरस पर लोग घर में आकर्षक फर्नीचर लाने के शौकीन नजर आ रहे हैं। इसको देखते हुए अंबिकापुर बाजार में फर्नीचर व्यवसाय भी पीछे नहीं है। तरह-तरह के सोफे, मोल्टेड फर्नीचर व डायनिंग सेट, पलंग, दीवान की बिक्री भी बड़े पैमाने पर होने की उम्मीद है।
वाहनों की अग्रिम बुकिंग
धनतेरस व दीपावली के दिन को शुभ मानते हुए भारी संख्या में लोगों ने दोपहिया, चार पहिया वाहन खरीदने की तैयारी कर ली है। इसके लिए शहर के दोपहिया, चारपहिया वाहनों की एजेंसियों में पखवाड़े भर से अग्रिम बुकिंग चल रही है। दोपहिया, चारपहिया वाहनों की हजारों की संख्या में अग्रिम बुकिंग की जा चुकी है। बड़े वाहनों की भी बुकिंग हो चुकी है। माना जा रहा है कि आटोमोबाइल सेक्टर इस वर्ष भी सबसे ज्यादा गुलजार रहेगा।


