सरगुजा

गौठानों में हरियाली बढ़ाने व आय सृजन केन्द्र के रूप में विकसित करने के निर्देश
06-Oct-2021 8:32 PM
  गौठानों में हरियाली बढ़ाने व आय सृजन केन्द्र के रूप में विकसित करने के निर्देश

कमिश्नर ने किया बतौली-लुण्ड्रा के गौठानों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 6 अक्टूबर। कमिश्नर जी. किण्डो ने बुधवार को विकासखण्ड लुण्ड्रा एवं बतौली भ्रमण के दौरान गौठानों का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठानों को हरा-भरा करने के लिए शोभादार एवं फलदार पौधे लगाने तथा महिलाओं की आय में वृद्धि के लिए आय सृजन केन्द्र के रूप में विकसित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

कमिश्नर ने लुण्ड्रा विकासखण्ड के आदर्श गौठान बटवाही के निरीक्षण में वर्मी खाद निर्माण, मुर्गी एवं बटेर पालन, मछली पालन, सब्जी की खेती तथा रिपा के तहत स्थापित की जा रही औद्योगिक इकाइयों का अवलोकन कर जायजा लिया। उन्होंने स्वं सहायता समूह की महिलाओं से गौठानों में की जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में चर्चा की और आय बढ़ाने के लिए लगातार आयमूलक गतिविधियां संचालित करने कहा।

महिलाओं ने बताया कि अब तक 485 क्विंटल वर्मीखाद बेचकर 1 लाख 92 हजार रूपए का आमदनी प्राप्त किए है। वहीं मुर्गी पालन से 400 अण्डा विक्रय किया गया है। बाड़ी विकास के तहत जिमी कंद और कुंदरू की खेती की गई है।

कमिश्नर ने बतौली विकासखण्ड के आदर्श गौठान तरागी के निरीक्षण के दौरान गौठान के चारों ओर बांस के पौधे एवं कदम के और पौधे लगाने के निर्देश दिए। समूह की महिलाओं को सब्जी की खेती के साथ ही रिपा के तहत औद्योगिक इकाईयों में महिलाओं को जोडऩे कहा।

महिलाओं ने बताया कि यहां 92 क्विंटल वर्मी खाद का विक्रय किया गया है। डबरी में 4 हजार मछली बीज डाला गया है। बाड़ी विकास के तहत आलू जिमीकंद, शकरकंद, लौकी, कुम्हड़ा लगाई गई है। इसके साथ ही रिपा के तहत यहां फिनाइल बनाने काम किया जाएगा।

गिरदावरी का अवलोकन

कमिश्नर ने बतौली विकासखंड के ग्राम घोघरा एवं बतौली में पटवारी द्वारा किए जा रहे गिरदावरी का अवलोकन किया। उन्होंने कई खसरा नम्बर का मिलान कर किसानों द्वारा लगाए फसलों का भी अवलोकन किए।


अन्य पोस्ट