सरगुजा
प्रधानमंत्री व उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री का पुतला फूंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 अक्टूबर। उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खिरी में किसानों को मौत के घाट उतारने को लेकर व कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी के साथ उत्तरप्रदेश की पुलिस द्वारा बदसलूकी के विरोध में सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने अंबिकापुर नगर के घड़ी चौक पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन उपरांत गांधी चौक पर युवा कांग्रेस के द्वारा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बीच चौक में पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। पुतला दहन के दौरान पुलिस व युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में हल्की झूमा-झटकी भी हुई।
पुतला दहन उपरांत कांग्रेस सरगुजा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने गाँधी चौक से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और यहां कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए प्रधानमंत्री व यूपी सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेसियों ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन के माध्यम से ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खिरी में कृषि कानून के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों को वाहन से रौंदकर किये गये निर्मम हत्या से उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ एवं केन्द्र की मोदी सरकार की किसान विरोधी चेहरा उजागर हुआ है। केंद्र की मोदी सरकार जानबूझकर देश के किसानों पर तीन काले कानून थोपने पर उतारू है तथा केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों के साथ की जा रही बर्बरतापूर्वक कार्यवाही से पूरे देश में आक्रोश है। साथ ही राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार इस घटना को राजनीतिक रूप देते हुए किसान एवं शोक संतप्त परिवारों से भेंट के लिए लखीमपुरी-खिरी जा रहे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी के साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा किये गये बर्बरतापूर्ण कार्यवाही सहित छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उत्तरप्रदेश प्रवास पर रोक लगाकर अलोकतांत्रिक कार्यवाही की है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए उत्तरप्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को बर्खास्त करते हुए राष्ट्रपति शासन लगाये जाने की दिशा में समुचित कार्यवाही करने का कष्ट करेंगे।
धरना प्रदर्शन एवं कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान वन औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक,बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समीक्षा समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, महापौर डॉक्टर अजय तिर्की,जेपी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा, प्रमोद चौधरी, दीपक मिश्रा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। पुतला दहन के दौरान युवा कांग्रेस कार्य. जिलाध्यक्ष विकल झा, ग्रामीण अध्यक्ष उत्तम राजवाड़े, निक्की खान, शुभम जायसवाल,हिमांशु अग्रवाल, प्रिंस जायसवाल, आकाश अग्रहरि, ऋषिराज सिंह, राहुल सोनी,प्रीतिका विश्वकर्मा, सोमा मुखर्जी,आकाश यादव, अभिषेक सोनी,अभिषेक गुप्ता,राहुल नॉक्स,सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्षद आलोक दुबे सार्वजनिक माफी मांगे
भाजपा नेता आलोक दुबे द्वारा सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर के महामाया पहाड़ में रोहिंग्या मुसलमानों को बसाने का आरोप बार-बार लगाया जाता रहा है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की पहल से प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मामले की जांच कराई गई थी। इस जांच का क्या परिणाम आया...? जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
यदि महामाया पहाड़ में रोहिंग्या शरणार्थी मुसलमान बसे हैं तो उन्हें कानून के अनुसार देश से बाहर कर उन्हें प्रश्रय देने वालों पर कानूनी कार्रवाई हो। सरगुजा कांग्रेस ने कहा कि जहां तक हमारी जानकारी है जांच में एक भी रोहिंग्या शरणार्थी के होने की पुष्टि जांच में नहीं हुई है। ऐसे में एक राष्ट्रीय पार्टी के पदाधिकारी होते हुए सनसनीखेज आरोप लगा कर समाज में वैमनस्यता फैलाने के लिए पार्षद आलोक दुबे सार्वजनिक माफी मांगे, अन्यथा उनपर कानून सम्मत कार्रवाई करें।



