सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,1 अक्टूबर। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झाड़ीपुर जंगल के पगडण्डी रास्ते में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक बसंती नागवंशी (42 वर्ष) झाड़ीपुर 30 सितंबर की तडक़े 4 बजे झाड़ीपुर के शांति पारा में किसी कार्य से आई हुई थी। जिसके बाद से वह अपने घर नहीं लौटी।
गुरुवार की शाम लगभग 5.30 बजे मवेशियों को चरा कर अपने घर लौट रही चंदा नागवंशी ने महिला के शव को देखा, जिसके बाद उसकी जानकारी महिला के परिवारजनों को दी गई। महिला के पति भज्जू नागवंशी के द्वारा घटना की सूचना 1 अक्टूबर शुक्रवार की सुबह लगभग 7 बजे लखनपुर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। महिला के शरीर के कई हिस्सों में चोट के निशान हंै। देखने से महिला की मौत संदिग्ध लग रही है, फिलहाल लखनपुर पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी है।



