सरगुजा

राज्यपाल-सीएम के हाथों मिला प्रशस्ति पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को जिले के दो शिक्षक राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के हाथों राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित हुए। राज्यपाल अनुसुईया उइके के मुख्य आतिथ्य एवं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में 5 सितंबर को राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर के व्याख्याता ओमप्रकाश साहू और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसा अम्बिकापुर के व्याख्याता जनार्दन सिंह को शाल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
व्याख्याता ओमप्रकाश साहू को योगा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा शैक्षणिक गतिविधियों में विशेष सहयोग देने तथा व्याख्याता जनार्दन सिंह को गणित को रुचिकर बनाने के लिए मॉडल तैयार कर विद्यार्थियों को होने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए वर्ष 2020-21 हेतु राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मनित किया गया।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने वर्ष 2021-22 हेतु राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित शिक्षकों के नामों की घोषणा की। इसमें जिले के दो शिक्षक अनिता तिवारी और दीपलता देशमुख के नाम शामिल हैं।
राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह 54 शिक्षक राज्य शिक्षक सम्मान और 4 शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 54 शिक्षिकों में से प्रत्येक को 21-21 हजार रूपए की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा प्रदेश के महान विभूतियों की स्मृति में दिए जाने वाले पुरस्कार से सम्मानित होने वाले प्रत्येक शिक्षक को 50-50 हजार रूपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।