सरगुजा

हाथी-मानव द्वंद पर कार्यशाला, बचाव के बताए तरीके
13-Aug-2021 8:40 PM
हाथी-मानव द्वंद पर कार्यशाला, बचाव के बताए तरीके

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 13 अगस्त। गुरुवार को वन परिक्षेत्र उदयपुर अंतर्गत रामगढ़ इंटरप्रिटेशन सेंटर में विश्व हाथी दिवस के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित लोगों को अतिथियों एवं अधिकारियों ने गांव में हाथी आने की दशा में क्या करना चाहिए एवं क्या नहीं करना चाहिए, संबंधित विभिन्न जानकारियां प्रदान की गई।

हाथी गांव में आने की स्थिति में उन्हें छेडऩा नहीं चाहिए, उससे दूरी बना कर रखना चाहिए, जंगलों में यदि घर है तो वहां से सुरक्षित स्थानों पर स्कूल आंगनबाड़ी इत्यादि जगहों पर रहना चाहिए। हाथी आने की सूचना वन अमले को दिया जाना चाहिए।

 इस बारे में और अधिक जानकारी देते हुए एसडीओ फारेस्ट विजेंद्र सिंह ने बताया कि हाथी मानव द्वंद विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में गांव के लोग मौजूद रहे इन्हें हाथियों से बचाव के संबंध में आवश्यक उपाय बताये गए। कार्यक्रम के दौरान मकान और फसल नुकसान हुए हितग्राहियों को उनके खाते में मुआवजा राशि अंतरित होने की जानकारी भी लोगों को दी गयी।

हाथी मानव द्वंद पर मंत्री प्रतिनिधि सिद्धार्थ सिंहदेव, जिला पंचायत सदस्य राजनाथ सिंह, जनपद अध्यक्ष भोजवंती सिंह, रोहित सिंह पूर्व सरपंच तथा वन विभाग के वन रक्षक द्वय ने लोगों को सम्बोधित किया तथा अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के दौरान जनपद सदस्य शांति राजवाड़े, उदयपुर सरपंच, रेंजर सपना मुखर्जी, प्रशिक्षु रेंजर द्वय व अन्य स्टॉफ मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट