सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 नवंबर। गुरुवार 26 नवंबर को संयुक्त जिला कार्यालय सूरजपुर में संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन कर संविधान में निहित मूल आदर्शों, सिद्धांतों एवं मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उद्देशिका के वाचन के माध्यम से सभी ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समता सुनिश्चित करने के संकल्प को दोहराया।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। संविधान की उद्देशिका भारतीय लोकतंत्र के मूल स्वरूप, शासन व्यवस्था के आदर्शों तथा संविधान की शक्ति के स्रोत के रूप में भारत की जनता को रेखांकित करती है।