सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 नवंबर। प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने आज सूरजपुर जिले के प्रवास के दौरान जयनगर एवं रामनगर धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए किसानों से संवाद किया तथा टोकन प्राप्त करने एवं धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी होने के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने बताया कि उन्हें टोकन प्राप्त करने एवं धान विक्रय करने में किसी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है।
प्रभारी मंत्री बघेल ने किसानों को कृषक उन्नति योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल से कम धान विक्रय करने की स्थिति में भी पात्र किसानों को समर्थन मूल्य की अंतर राशि प्रति एकड़ के आधार पर पूरी प्रदान की जाएगी। उन्होंने किसानों को अपना धान विक्रय खाता बिचौलियों को नहीं देने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रेना जमील ने प्रभारी मंत्री को जिले में धान खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं तथा पारदर्शिता के साथ धान खरीदी की जा रही है। सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के नाम सहित ऋण संबंधी सूची चस्पा की गई है। वहीं, माइक्रो एटीएम के माध्यम से किसानों को समिति स्तर पर ही राशि आहरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभारी मंत्री ने सभी धान उपार्जन केंद्रों में कृषक उन्नति योजना से संबंधित पोस्टर लगाने एवं योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
रामनगर धान उपार्जन केंद्र में प्रभारी मंत्री बघेल ने धान विक्रय करने पहुंचीं किसान श्रीमती विमला देवी एवं रामविलास मानिकपुरी से चर्चा कर खरीदी व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
साथ ही उन्हें कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत मिलने वाली अंतर राशि के संबंध में अवगत कराया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी की जांच कराई तथा तौल मशीन से धान की बोरियों का वजन कराकर देखा। उन्होंने निर्धारित मापदंड के अनुरूप बोरियों में धान भरने की समझाइश दी। साथ ही हमालों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।