सूरजपुर

नवीन राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग
20-Nov-2026 8:46 PM
नवीन राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग

सूरजपुर, 20 नवंबर। कांटारोली में गत दिनों आयोजित वोट बचाओ-देश बचाओ कार्यक्रम एवं जनचौपाल में शामिल होने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद सुखदेव भगत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव तथा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत को असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा ने पत्र सौंपकर नवीन राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में आ रही समस्याओं से अवगत कराया।

शर्मा ने पत्र में उल्लेख किया है कि प्रदेश में नवीन राशन कार्ड बनाने के लिए परिवार के सदस्यों की जन्म प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र जैसी दस्तावेज के अनिवार्यता के कारण गरीब, किसान एवं मजदूर परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर गरीब, अशिक्षित, बुजुर्ग, ग्रामीण एवं आर्थिक रूप सें कमजोर वर्ग के लोगों के लिए इन सभी दस्तावेजों की व्यवस्था करना कठिन है। ऐसे में आवश्यक दस्तावेजों की अनिवार्यता के चलते पात्र परिवारों को राशन कार्ड बनवाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से आग्रह किया कि इस विषय को विधानसभा में शासन के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए नवीन राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया का सरलीकरण कराया जाए। साथ ही दस्तावेजों की अनिवार्यता में व्यवहारिक छूट प्रदान करने की दिशा में पहल की जाए, ताकि गरीब, किसान एवं मजदूर परिवारों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके और कोई भी पात्र परिवार राशन जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस जनहित से जुड़े विषय पर सकारात्मक पहल कर आम जनता की समस्याओं का समाधान करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


अन्य पोस्ट