सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पखांजूर, 16 नवंबर। कांकेर जिले के परलकोट क्षेत्र में सूरजगढ़ माइंस की परिवहन व्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताया है। कापसी और आसपास के गांवों के निवासियों का कहना है कि भारी वाहनों का दोबारा संचालन शुरू करने से पहले स्थानीय समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि फिलहाल वाहनों का परिचालन बंद है। यदि स्थानीय मांगों पर विचार किए बिना दोबारा भारी वाहनों का संचालन शुरू किया गया, तो वे आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों ने इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की तय करने की बात कही है।
ग्रामीणों ने उठाए तीन प्रमुख मुद्दे
स्थानीय रोजगार की अनदेखी का आरोप: ग्रामीणों का आरोप है कि माइंस में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के दावों के बावजूद उन्हें अपेक्षित अवसर नहीं मिल रहे हैं। उनका कहना है कि रोजगार के मुद्दे पर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है।
मुक्तिधाम भूमि के उपयोग पर आपत्ति: ग्रामीणों के अनुसार, उदयपुर पंचायत के मुक्तिधाम की भूमि से रास्ता और डायवर्सन बनाने का प्रयास स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहमति के बिना किया गया। विरोध के बाद काम रोक दिया गया। इस मामले में संबंधित प्रबंधन और पंचायत का पक्ष सामने आना बाकी है।
जर्जर सडक़ें और दुर्घटनाओं की आशंका: ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भारी और ओवरलोड वाहनों के आवागमन से क्षेत्र की सडक़ें और पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढऩे और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होने की बात भी उन्होंने कही।
ग्रामीणों ने मांग की है कि भारी वाहनों का संचालन शुरू करने से पहले रोजगार, मुक्तिधाम की भूमि और सडक़ सुरक्षा से जुड़े मुद्दों का निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगों पर ध्यान नहीं दिए जाने की स्थिति में परलकोट और कापसी क्षेत्र में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।