सुकमा

नक्सल पीडि़त से जन्मप्रमाण पत्र के लिए डेढ़ हजार की मांग
03-Oct-2023 3:30 PM
नक्सल पीडि़त से जन्मप्रमाण पत्र के लिए डेढ़ हजार की मांग

 भाजपा नेत्री दीपिका की दखल से पीडि़त को मिली राहत

सुकमा, 3 अक्टूबर। नक्सल पीडि़त से जन्मप्रमाण पत्र के लिए डेढ़ हजार मांगने का मामला सामने आया है। भाजपा नेत्री दीपिका की दखल से पीडि़त को राहत मिली।

सुकमा जिले के विकासखण्ड छिंदगढ़ के ग्राम पंचायत बोकड़ा ओडार के रहने वाले नक्सल पीडि़त आदिवासी युवक धनीराम को अपने पुत्र का जन्मप्रमाण पत्र बनाने हेतु तहसील कार्यालय छिंदगढ़ में लगातार 1500 रु की मांग की जा रही थी। पीडि़त के पास उतनी राशि नहीं होने पर उसने आर्थिक मदद करने हेतु भाजपा नेत्री अधिवक्ता दीपिका शोरी से मिलने उनके घर पहुंचा।  दीपिका ने पैसे की आवश्यकता का कारण पूछा। जिस पर पीडि़त ने उन्हें तहसील कार्यालय छिंदगढ़ में जन्म प्रमाण पत्र बनाने के एवज में 1500 रु की नाजायज मांग के विषय में बताया।  इस बात को सुनकर दीपिका ने तहसीलदार छिंदगढ़ को फोन लगाकर इसकी जानकारी दी।  दीपिका ने बताया कि मेरे फोन करने पर तहसीलदार ने धनीराम को बुलाकर तत्काल प्रमाणपत्र दिलवा दिया, परन्तु तहसील कार्यालय में राशि मांगने की बात से अपनी अनभिज्ञता जाहिर की। इसके बाद भाजपा नेत्री ने स्वयं तहसील कार्यालय जाकर तस्दीक की, वहाँ उपस्थित बहुत से ग्रामीणों से दीपिका ने बात की तो पता चला कि यहाँ प्रमाण पत्र हेतु निर्धारित राशि से अधिक राशि की वसूली की जा रही थी।

भाजपा नेत्री दीपिका ने कहा कि मैंने छिंदगढ़ के तहसीलदार से मिलने का लगातार प्रयास किया, परन्तु तहसीलदार से मुलाकात नहीं हो पाई। मैं मीडिया के माध्यम से कलेक्टर सुकमा से अपील करती हूं कि समस्त तहसील कार्यालय में जांच की जाए व ग्रामीणों को इन अनियमितताओं से राहत दिलाया जाए।


अन्य पोस्ट