सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 3 जून। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार, जिला सुकमा के तत्वावधान में नगर क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली गई। आयोजकों के अनुसार, रैली का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र और प्रज्ञा गीत के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों को तंबाकू सेवन से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी दी गई तथा तंबाकू सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई।
रैली में शामिल कार्यकर्ताओं और युवाओं ने तख्तियां एवं बैनर लेकर नगर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण किया। इस दौरान ‘तंबाकू छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘नशा मुक्त हो देश हमारा’, ‘स्वस्थ युवा - समृद्ध भारत’ और ‘तंबाकू का त्याग करें, स्वस्थ जीवन का स्वागत करें’जैसे नारे लगाए गए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने लोगों से नशामुक्त जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया।


