सुकमा

महंगाई और ईंधन संकट, कांग्रेस का प्रदर्शन
18-May-2026 9:58 PM
महंगाई और ईंधन संकट, कांग्रेस का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 18 मई। देश में महंगाई और डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति में आई कमी के विरोध में सुकमा जिला मुख्यालय में कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंपों पर उपस्थित उपभोक्ताओं, राहगीरों और स्थानीय होटल संचालकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए कहा कि  सरकार को टैक्स कम करके पेट्रोल-डीजल की कीमतें घटानी चाहिए।  रसोई गैस, तेल और आटे की बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी नीतियों के कारण ही ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा  ने कहा, डीजल और पेट्रोल की कीमतें बढऩे से किसान, गृहणियां और राहगीर परेशान हैं। होटलों का व्यवसाय भी इससे प्रभावित हो रहा है। इसके साथ ही सोने की कीमतें अधिक होने के कारण यह आम जनता की पहुंच से बाहर हो गया है। सरकार को विज्ञापन और अन्य मदों में खर्च घटाकर महंगाई कम करने के प्रयास करने चाहिए। जब तक पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में नहीं लाया जाता और एक्साइज ड्यूटी नहीं घटाई जाती, तब तक महंगाई से राहत मिलना संभव नहीं है।

पंप पर मौजूद गृहिणी सुनीता मरकाम ने कहा, ईंधन की कीमतों और कमी के कारण दैनिक जीवन, भोजन पकाने और बच्चों को स्कूल भेजने जैसे आवश्यक कार्यों पर सीधा असर पड़ रहा है।

इस प्रदर्शन में कांग्रेस पार्टी के जिला एवं नगर स्तर के समस्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट