सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 15 मई। जिला मुख्यालय स्थित प्रेस क्लब में कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर महंगाई, ईंधन संकट और आर्थिक मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। कार्यक्रम में कांग्रेस के सुकमा जिला प्रभारी अवधेश गौतम, जिला अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा सहित जिला और नगर के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री द्वारा हाल में देशवासियों से की गई अपीलों पर सवाल उठाए। जिला प्रभारी अवधेश गौतम ने आरोप लगाया कि डीजल, पेट्रोल, गैस संकट और महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाय लोगों से उपभोग कम करने की सलाह दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को उर्वरक का उपयोग कम करने की सलाह दी गई, जबकि कई क्षेत्रों में उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर पहले से समस्या बनी हुई है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इससे किसानों की लागत बढ़ रही है और उत्पादकता प्रभावित हो रही है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सोने की कीमतों, पेट्रोल-डीजल के दाम और महंगाई का मुद्दा भी उठाया।
पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पिछले वर्षों में आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार बताया।
कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और सरकारी खर्चों को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम लोगों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखे गए अधिकांश आंकड़े और दावे कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए।


