सारंगढ़-बिलाईगढ़
सारंगढ़, 28 अप्रैल। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 27 अप्रैल से 11 मई तक खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। ‘सही दवा, शुद्ध आहार’ थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों की टीमों का गठन किया गया है।
अभियान के पहले दिन सारंगढ़ ग्रामीण क्षेत्र में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ठेले, गुमटी, होटल, कोल्ड ड्रिंक सेंटर और किराना दुकानों की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत दुकानदारों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जांच में कुछ स्थानों पर खाद्य सामग्री मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, जिसे नष्ट कराया गया।
जिन प्रतिष्ठानों के पास खाद्य पंजीयन नहीं था, उन्हें पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। विभाग द्वारा लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी प्रकार की शिकायत होने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।


