सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 24 अप्रैल। नगर पंचायत बिलाईगढ़ में अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराया गया है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। वाहन के आगमन के दौरान जनप्रतिनिधि, नगर पंचायत के सदस्य और अन्य नागरिक उपस्थित रहे।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन मिलने से आगजनी जैसी घटनाओं में राहत कार्य में सहायता मिलेगी। नगर पंचायत क्षेत्र में पूर्व में आग लगने की घटनाओं के दौरान निकटतम फायर स्टेशन दूर होने के कारण दमकल के पहुंचने में समय लगता था। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुशील कुमार चौधरी ने 9 अप्रैल को कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे को पत्र लिखकर वाहन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस अनुरोध पर कार्रवाई करते हुए रायगढ़ से एक फोम टेंडर दमकल वाहन बिलाईगढ़ के लिए आवंटित किया गया। वाहन के हस्तांतरण और संबंधित प्रक्रिया नगरीय प्रशासन विभाग के माध्यम से पूरी की गई।
इस विषय पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने राज्य सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि इससे क्षेत्र में आपात स्थितियों से निपटने की क्षमता बढ़ेगी।
दमकल का स्वागत
नगर में अग्निशमन वाहन के प्रथम आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, भाजपा जिला महामंत्री द्वारका साहू , भाजपा मंडल अध्यक्ष राधा राकेश, भाजपा जिला मंत्री रामनारायण देवांगन, नगर पंचायत बिलाईगढ़ उपाध्यक्ष अनूप टीकाराम जायसवाल , पार्षद में संतोष देवांगन, उमाशंकर देवांगन, त्रिलोक देवांगन, और धनीराम राकेश मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
जनता ने माना आभार
उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने सीएमओ सुशील कुमार चौधरी के सतत प्रयासों की सराहना की। पूरे नगर की ओर से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू सहित संपूर्ण जिला प्रशासन का इस बहुमूल्य सुरक्षा कवच के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


