सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 23 अप्रैल। भगवान परशुराम जयंती पर नगर में सामूहिक उपनयन संस्कार और शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार भूषण पांडे, एसडीएम वर्षा बंसल एवं तहसीलदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने उपनयन संस्कार में शामिल बटुकों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के दौरान परशुराम सेवा समिति को बधाई दी गई। आयोजन का संचालन रविशंकर तिवारी ने किया। जयंती के पूर्व दिवस पर परशुराम युवा समिति द्वारा शासकीय चिकित्सालय में फल वितरण किया गया।
उपनयन संस्कार के बाद शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बटुकों को रथ में बैठाकर नगर भ्रमण कराया गया। आयोजन में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं की भागीदारी रही।
शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पेयजल और अन्य सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार भूषण पांडे ने समाज के लिए भवन निर्माण हेतु स्थान चिन्हित करने की जानकारी दी।
दूसरे दिन परशुराम सेवा समिति के सदस्यों द्वारा वृद्धाश्रम में फल एवं अन्य सामग्री वितरित की गई। महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों ने भी आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया और भजन कार्यक्रम आयोजित किया।
परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश शुक्ला ने कहा कि ब्राह्मण समाज सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक हैं। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मणिप्रभा त्रिपाठी ने कहा, वसुधैव कुटुंबकम सनातन धर्म का मूल मंत्र है।
महिला प्रकोष्ठ सह सचिव अंजू तिवारी ने कहा, ब्राह्मणों का समाज के लिए त्याग और तपस्या अतुलनीय है। गीतांजलि रथ ने कहा, ब्राह्मणों ने समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
कार्यक्रम का समापन आरती, प्रसाद वितरण और सामूहिक भोजन के साथ हुआ।


