सारंगढ़-बिलाईगढ़

विपक्ष ने महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित किया-नजमा
23-Apr-2026 9:05 PM
विपक्ष ने महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित किया-नजमा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़, 23 अप्रैल। महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दे पर भाजपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग की राष्ट्रीय सदस्य नजमा अजीम खान ने पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिए। इस दौरान जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष वैजयंती नंदू लहरे, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, शिवकुमारी अनिल साहू, जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

नजमा अजीम खान ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं की नीति-निर्धारण प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इस विधेयक पर सभी दलों से समर्थन का आग्रह किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के राजनीतिक कारणों से यह पहल आगे नहीं बढ़ सकी। उनके अनुसार, विपक्ष ने महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को प्रभावित किया है।

प्रेस वार्ता के दौरान नजमा अजीम खान ने विभिन्न ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिला आरक्षण से जुड़े प्रयास पहले भी हुए हैं, लेकिन वे पूर्ण रूप से लागू नहीं हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि महिला आरक्षण बिल बहाना है, परिसीमन निशाना है, जैसे आरोप विपक्ष द्वारा लगाए जाते रहे हैं, जबकि उनके अनुसार वर्तमान सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में महिलाओं से संबंधित कई पहलें की गई हैं।

नजमा अजीम खान ने कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए सभी दलों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।


अन्य पोस्ट