सारंगढ़-बिलाईगढ़

बिलाईगढ़ वन क्षेत्र में आगजनी, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
26-Apr-2026 7:02 PM
बिलाईगढ़ वन क्षेत्र में आगजनी, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 26 अप्रैल। वन परिक्षेत्र बिलाईगढ़ के कक्ष क्रमांक 408 में आगजनी की घटना में बड़ी संख्या में पौधों के नुकसान की जानकारी सामने आई है। घटना के करीब दो माह बाद भी मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2019-20 में कैंपा मद (रेल कॉरिडोर) के तहत लगभग 40 हेक्टेयर क्षेत्र में सागौन सहित अन्य प्रजातियों के पौधे रोपे गए थे। इसमें सागौन के 20,556, मिश्रित प्रजाति के 18,332, फलदार 2,224 पौधे तथा अन्य पुनर्जनित पौधे शामिल थे। आगजनी की घटना में इन पौधों के प्रभावित होने की बात कही जा रही है।

बताया गया कि इस संबंध में एसडीओ फॉरेस्ट, सारंगढ़ द्वारा जांच के लिए टीम भेजने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया था कि घटना की सूचना समय पर उच्च अधिकारियों को नहीं दी गई।

स्थानीय लोगों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई तथा नुकसान का आंकलन कर वसूली की मांग की है।

इस संबंध में एसडीओ फॉरेस्ट अमिता गुप्ता से संपर्क नहीं हो सका। वहीं डीएफओ सारंगढ़ विपुल अग्रवाल ने बताया कि घटना की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली गई है, एक वनरक्षक को निलंबित किया गया है और कुछ लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। आगे की जानकारी कार्यालय में उपलब्ध कराए जाने की बात उन्होंने कही।


अन्य पोस्ट