सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़, 1 फरवरी। क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के मामले को लेकर शनिवार रात्रि जिला पंचायत सदस्यों की एक टीम बरभाटा घाट पहुंची। इस दौरान मौके पर ग्रामीण भी एकत्रित हुए। घाट पर पोकलेन मशीन से रेत उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया।
जिला पंचायत सदस्यों ने आरोप लगाया कि बरभाटा घाट पर बिना रॉयल्टी रेत का उत्खनन किया जा रहा है। उनके अनुसार इससे शासन को राजस्व की क्षति हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में संबंधित विभागों द्वारा अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने खनिज विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं जनपद प्रशासन के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर स्थिति की जानकारी दी। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा कार्रवाई की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाली गई और किसी विभाग ने तत्काल कार्रवाई की जिम्मेदारी नहीं ली।
ग्रामीणों ने भी मौके पर अपनी बात रखते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से रेत का उत्खनन हो रहा है। उनका कहना है कि शिकायतें किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो पाती। ग्रामीणों के अनुसार, इससे राजस्व के साथ-साथ पर्यावरण पर भी प्रभाव पड़ रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यदि अवैध उत्खनन पर शीघ्र रोक नहीं लगाई गई और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे आंदोलन का निर्णय ले सकते हैं।


