सारंगढ़-बिलाईगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़़, 01 अप्रैल। जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता राजीव सिंह अपने निर्वाचन क्षेत्र के दौरे पर थी। इस दौरान एक आमसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मां कर्मा आदर्श की प्रतिमा है। माता कर्मा का जीवन भक्ति भाव और सच्ची श्रद्धा से परिपूर्ण रहा। माता कर्मा एक कृषक परिवार में जन्मी थी और अपनी मेहनत तथा धर्म परायणता के लिए जानी जाती थी। उन्हें भगवान श्री कृष्ण से अटूट आस्था थी। ऐसा माना जाता है कि उनके द्वारा किए गए भक्ति कार्य और समाज सुधार के प्रयासों के कारण जन-जन में मां कर्मा सर्व पूजनीय रही। मां कर्मा केवल साहू समाज ही नहीं बल्कि सर्व समाज के लिए आदर्श है। उनका जीवन परिश्रम, सत्य और सेवा के मार्ग को दर्शाता है। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को कर्मठता और संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया। ममता सिंह ने यह भी कहा कि समाज का विकास तभी संभव है जब हम अपने सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात करेंगे। साहू समाज के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का उत्थान संगठित प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने शिक्षा, कृषि, व्यापार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए साहू समाज से सहयोग की अपील की। इस दौरान साहू समाज के गणमान्य प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ ही साथ सैकड़ों लोगों उपस्थित रहें।