सारंगढ़-बिलाईगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 13 सितम्बर। सीमेंट के दाम में 50 रूपए प्रति बोरी की गई वृद्धि को रद्द किए जाने की मांग को लेकर एमसीबी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि भाजपा की सरकार प्रदेश की भोली.भाली आम जनता को लूट रही है। प्रदेश में सीमेंट के दामों में 50 रूपए प्रति बोरी वृद्धि कर दी गई है। भाजपा नेताओं के संरक्षण में रेत माफिया गुंडाराज चला रहे हैं। चारों तरफ लूट मची हुई है। खनिज संसाधनों को लूटा जा रहा है और भाजपा सरकार तमाशबीन बनी हुई है। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री से सीमेंट के अप्रत्याशित बढ़े हुए दामों को वापस लिए जाने के साथ ही रेत माफियाओं के गुंडाराज एवं खनिज संसाधनों की लूट पर अंकुश लगाए जाने की मांग की। साथ ही कहा कि उनकी मांग को अनसुना किए जाने पर प्रदेश भर में कांग्रेस आमजनों के साथ खड़े होकर उनकी लड़ाई लड़ेगी और भाजपा सरकार का विरोध करेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस जिला महामंत्री राजकुमार केशरवानी, युकां जिलाध्यक्ष हफीज मेमन, शरण सिंह, राजेश शर्मा सौरभ मिश्रा, राखी सिंह, जगदीश मधुकर, गिरधर जायसवाल, निर्मला चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।