सारंगढ़-बिलाईगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सारंगढ़ भटगांव, 5 जनवरी। ग्रापं छुईहा में सावित्री बाई फुले महिला स्व सहायता समूह के द्वारा 3 जनवरी को क्रांति ज्योति माता सावित्री बाई फुले जयन्ती हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता सावित्री बाई फुले, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर के छाया चित्र के पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित किया गया।
कार्य क्रम के मुख्य अतिथि बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे रही, अध्यक्षता ग्रापं छुईहा के सरपंच हरिवंश कुमार टण्डन तथा विशिष्ट अतिथि युवा नेता दीपक टण्डन, भोला लहरे, सुरभि लहरे, अरुण कुमार टण्डन प्रपा पूर्व माध्यमिक शाला छुईहा, राधेश्याम बघेल अध्यक्ष ज्ञान प्रसार सेवा समिति रायपुर, महेन्द्र द्रौपदी मरावी जनपद सदस्य,कृष्णा रात्रे, ललितकुमार बर्मन, राकेश मानिकपुरी,चन्द्रेश साहू, मलेच्छराम खूंटे, रुस बाई जांगड़े अध्यक्ष सावित्री बाई फुले महिला स्व सहायता समूह, रुबीना टण्डन सचिव, श्रद्धा बंजारे उपाध्यक्ष रहे।
विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि क्रांति ज्योति माता सावित्री बाई फुले एवं महामना महात्मा ज्योतिबा फुले ने विपरीत परिस्थितियों एवं जीवन में अनेक कठिनाइयों से संघर्ष करते हुए, नारी शिक्षा एवं नारी के सम्मान के लिए शिक्षा का द्वार खोलकर देश में प्रथम महिला अध्यापिका बनकर समाज के रूढि़वादी व्यवस्था एवं अन्धविश्वास से लड़ते हुए नारी शिक्षा के लिए कठिन परिश्रम कर महिलाओं को आत्मसम्मान से जीने का हक दिलाया।


