राजपथ - जनपथ

पीएससी गिरफ्तारियों की बारी
पीएससी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी की सीबीआई जांच चल रही है। सीबीआई एक के बाद एक कई पूर्व अफसरों, चयनित अभ्यार्थियों के यहां छापे डाल रही है। छापेमारी में कई सुबूत हाथ लगने की चर्चा भी है।
न सिर्फ राज्यसेवा बल्कि पीएससी के जरिए अलग-अलग विभागों की भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की जानकारी भी मिली है। कुछ भर्ती में लेनदेन के ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। एक-दो विभागों में भर्ती में गड़बड़ी की जांच के लिए हाईकोर्ट में याचिका भी लगी है।
हल्ला यह भी है कि राज्यसेवा भर्ती परीक्षा में चयनित कई अभ्यार्थियों को जानबूझकर इंटरव्यू में कम नंबर दिए गए, ताकि शक न हो और फिर उन्हें पेपर लीक किए गए। सीबीआई को इससे जुड़ी कई जानकारियां हाथ लगी है।
दूसरी तरफ, पीएससी के तत्कालीन चेयरमैन के कई रिश्तेदार तो जांच के घेरे में हैं ही। उनके साथ काम कर चुके राजस्व कर्मी, जिनके बेटे भी पीएससी भर्ती परीक्षा में चयनित हुए हैं। वो सभी जांच के दायरे में आ गए हैं। इस पूरे गड़बड़ी मामले में जल्द ही गिरफ्तारियां हो सकती है। देखना है आगे क्या होता है।
जिलों के प्रभार के बाद क्या बचा?
मंत्रिमंडल से बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद उनके सभी उत्तरदायित्व वितरित कर दिए गए हैं। उनके बाकी विभाग मुख्यमंत्री के पास हैं। विधानसभा सत्र से पहले एक संसदीय कार्य मंत्री की अलग से जरूरत पड़ी। यह प्रभार मंत्री केदार कश्यप को सौंप दिया गया। इसके बाद उन जिलों में प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति रह गई थी, जो अग्रवाल के पास थे। इनमें बस्तर संभाग के कुछ जिले थे। एक-एक जिले के अतिरिक्त प्रभार चार मंत्रियों को सौंप दिया गया है। इस फैसले के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है जिनमें मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होने की बात कही जा रही थी। इधर जिस तरह से नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर और पार्टी ने राजनीतिक स्तर पर शुरू कर दी है, उससे यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि निगम, मंडलों की नियुक्तियां भी चुनाव के पहले नहीं होगी।
प्रकृति के सफाईकर्मी
बरसात के मौसम में बीमारियां फैलने का खतरा हमेशा बना रहता है। अब सोचिए, अगर गांव के आसपास ब्लैक काइट, कौवे, सफेद गिद्ध, और आवारा कुत्ते मृत मवेशियों को साफ नहीं करते, तो क्या होता? बरसात में बीमारियों से बचाने वाले इन नायकों से घृणा न करें, बल्कि इन्हें प्रकृति के सफाईकर्मी के रूप में देखें। ये जीव हमें बीमारियों से बचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाके की एक तस्वीर।
(rajpathjanpath@gmail.com)