राजनांदगांव

सीएम ने रमन की भाषा बोलने पर समाज प्रमुखों को टोका
21-Mar-2021 12:58 PM
सीएम ने रमन की भाषा बोलने पर समाज प्रमुखों को टोका

लोधी समाज के कार्यक्रम में समर्थन मूल्य की खरीदी पर भूपेश ने रखा सरकार का पक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 मार्च।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  को धान के समर्थन मूल्य पर विपक्षी भाजपा द्वारा सरकार पर लगातार सियासी वार का जवाब कल आखिरकार उस वक्त मौका मिल गया, जब लोधी समाज के सामाजिक कार्यक्रम में भाजपा और कांग्रेस से जुड़े समाज प्रमुखों द्वारा भरी सभा में कांग्रेस सरकार के धान खरीदी को लेकर भ्रामक बातें कही।

मुख्यमंत्री ने मंच से संबोधित करने का अवसर आने के बाद समाज प्रमुखों कमलेश्वर वर्मा, भरत वर्मा और कोमल जंघेल के नाम का जिक्र कर सरकार की धान खरीदी की स्पष्ट नीति को सामने रखा। मुख्यमंत्री ने 2500 समर्थन मूल्य पर धान खरीदी करने के बजाय लोगों को यह स्पष्ट किया कि 1835 रुपए पर ही खरीदी सरकार द्वारा की जा रही है। दरअसल लोधी समाज के प्रमुख कमलेश्वर वर्मा ने कांग्रेस सरकार की धान खरीदी की वाहवाही करने के दौरान अपने उद्बोधन में यह कह दिया कि मुख्यमंत्री बघेल की सरकार ने 2500 रुपए की कीमत पर धान खरीदी की। 

मुख्यमंत्री ने जब लोगों को संबोधित किया तो उन्होंने कमलेश्वर वर्मा के संबोधन पर चुटकी लेते कहा कि कमलेश्वर भी रमन सिंह की बोली बोल रहे हैं। उन्होंने मंच पर मौजूद सामाजिक प्रमुख नेता भरत वर्मा और कोमल जंघेल के नाम का जिक्र किया। उन्होंने दोनों से धान खरीदी की राशि के संबंध में बात की। मुख्यमंत्री के भाषण को सुनकर कुछ देर तक वहां ठहाके भी लगे। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर लगातार भाजपा ने समूचे राज्य में सरकार की नीतियों का खुलकर विरोध किया है।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह इस मामले में काफी तल्ख रहे हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने पूर्व में कहे अपने बयानों पर अडिग रहने का भरोसा देते राज्यभर के किसानों को बोनस और अन्य आर्थिक लाभ दिए जाने  का ऐलान किया है। कल सामाजिक कार्यक्रम के मंच पर भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कई नेताओं ने मुख्यमंत्री के साथ मंच साझा किया। मुख्यमंत्री बघेल के लिए भी लोधी समाज के कार्यक्रम में शामिल होने का पहला अवसर था। लिहाजा उन्होंने सामाजिक कार्यक्रम के जरिये किसानों को बरगलाने से बाज आने भाजपा को एक तरह से नसीहत दी। 
 


अन्य पोस्ट