राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 फरवरी। शासकीय कमलादेवी महिला महाविद्यालय में महाविद्यालयीन रेडक्रास युनिट द्वारा 26 फरवरी को किशोरावस्था की समस्याएं एवं समाधान विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। गूगल मीट प्लेटफार्म द्वारा आयोजित इस ऑनलाइन व्याख्यान में 100 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता पद्मश्री डॉ. पुखराज बाफना थे। प्राचार्य डॉ. सुमन सिंह बघेल ने कहा कि व्यक्ति के संपूर्ण जीवनकाल में किशोरावस्था एक महत्वपूर्ण अवस्था मानी गयी है। इस अवस्था में बालक-बालिकाओं को अनेक शारीरिक एवं संवेगात्मक परिवर्तनों का सामना करना पड़ता है एवं निश्चित रूप से यह समस्याओं, उलझनों तथा आशंकाओं का दौर होता हैं। महाविद्यालय की अधिकांश छात्राएं उम्र के इस पड़ाव में है। उनकी समस्याओं के उचित समाधान हेतु आयोजित यह व्याख्यान अत्यंत ही प्रासंगिक होगा।
डॉ. बाफना ने अपना व्याख्यान पावर पाईंट प्रजेंटेशन के माध्यम प्रस्तुत किया। जिसका शीर्षक था किशोरी कन्या-उलझने और सुलझने। दृश्य एवं अव्य सामग्रियों से परिपूर्ण अपनी प्रस्तुति में किशोरी कन्या की शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, व्यवहारिक एवं भावनात्मक समस्याओं पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।
व्याख्यान के अंत में प्रतिभागी छात्राओं से प्रश्न आमंत्रित किए गए। अधिकांश छात्राओं ने स्वास्थ्यगत समस्याओं को लेकर प्रश्न किए। जिसका समुचित्त समाधान विशेषज्ञ द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ. एचके गरचा ने आमंत्रित अतिथि, प्राचार्य एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बसंत कुमार सोनबेर ने किया।


