राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 मई। स्थानीय रेल्वे स्टेशन के नजदीक स्थित एक गोदाम से चोरों ने एक व्यापारी का 12 लाख की महंगी सिगरेट पर हाथ साफ कर दिया। दिलचस्प बात यह है कि चोरों ने तीन बार गोदाम में घुसकर बेखौफ घटना को अंजाम दिया। इस मामले को लेकर शनिवार को चेम्बर ऑफ कामर्स ने एएसपी कीर्तन राठौर से मिलकर अपनी सख्त आपत्ति दर्ज की है। व्यापारी संघ शहर में दुकानों और गोदामों में बढ़ती चोरी की घटना पर ठोस कदम उठाने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के व्यापारी राहुल तेजवानी का राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन के नजदीक गोदाम है। 30 अप्रैल और 01 मई की दरम्यानी रात को दो अज्ञात चोरों ने गोदाम में रखे ब्रांडेड सिगरेट की आधा दर्जन कार्टून को पार कर दिया। पीडि़त व्यापारी का कहना है कि अज्ञात चोरों ने बिना डर के घटना को अंजाम दिया। तीन बार गोदाम में घुसकर दो पहिया वाहन से कार्टून अपने साथ ले गए।
बताया जाता है कि व्यापारी का लाखों रूपए का सिगरेट गोदाम में डंप था। घटना की रात को चोरी करने की वारदात सीसीटीव्ही में कैद हुई है। जिसमें दो चोर आराम से वारदात को अंजाम देते दिखाई दे रहे है। बताया जाता है कि घटना की जानकारी गोदाम के पास संचालित चाय दुकान के संतोष सोनवानी ने व्यापारी को फोन में दी। मौके पर पहुचंने पर गोदाम के मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। व्यापारी ने पुलिस को जानकारी देते बताया कि कुल 12 लाख कीमत के सिगरेट के कार्टून को चोर अपने साथ ले गए है। पुलिस घटना के बाद चोरों की पतासाजी में जुट गई है। इधर चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष कमलेश बैद ने पुलिस से चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की मांग की है। वही पीडि़त व्यापारी ने भी पुलिस चोरों को पकडऩे की अपील की है।


