राजनांदगांव
अवैध धान परिवहन पर कार्रवाई
राजनांदगांव, 2 मई। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में खाद्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत जिले के नागरिकों को व्यापक रूप से लाभान्वित किया गया है। समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन एवं कस्टम मिलिंग के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में कुल 132233 पंजीकृत कृषकों में से धान विक्रय के इच्छुक सभी किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके विरूद्ध 124101 कृषकों से 625494.52 मीट्रिक टन धान क्रय किया गया। सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत हितग्राहियों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर पात्रता अनुसार राशन कार्ड जारी किए गए। इसके तहत स्थानीय निकायों के माध्यम से 16843 नवीन राशन कार्ड जारी किए गए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 अंतर्गत जिले को 5618 गैस कनेक्शन प्रदान करने का लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके विरूद्ध 7119 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। यह लक्ष्य का 126.71 प्रतिशत है। राशन कार्ड सदस्यों की ई-केवाईसी के तहत कुल 264198 राशन कार्डों के 960795 सदस्यों का ई-केवाईसी किया जाना था।
इसके विरूद्ध 878374 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण किया गया, जो लक्ष्य का 91.42 प्रतिशत है।
खाद्य विभाग द्वारा धान खरीदी अवधि के दौरान कोचियों, बिचौलियों एवं अवैध अंतर्राज्यीय धान परिवहन पर विशेष निगरानी रखी गई। इसके अंतर्गत अंतर जिला स्तर पर 172 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 19 वाहन एवं 29223.60 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी प्रकार अंतर्राज्यीय सीमा पर निगरानी के दौरान अवैध परिवहन के 29 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 29 वाहन सहित 4805.70 क्विंटल धान जप्त किया गया। इस प्रकार जिले में कुल 201 प्रकरण दर्ज करते हुए 48 वाहन एवं 34029.30 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। इस कार्रवाई से अवैध धान का समर्थन मूल्य पर विक्रय रोका गया। जिससे शासन को लगभग 1 करोड़ 54 लाख रूपए की हानि से बचाया गया।


