राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 फरवरी। केंद्रीय बजट को लेकर स्थानीय भाजपा और कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी है। भाजपा ने जहां बजट को सराहा है। वहीं कांग्रेस ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट को दिशाहीन करार दिया है। इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ से स्थानीय राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रया दी।
देश विकसित भारत की ओर होगा अग्रसर-खूबचंद
वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने कहा कि बजट के क्रिन्यानवन से आर्थिक रूप से भारत अग्रणी देशों की श्रेणी में आ जाएगा। बजट को सर्वव्यापी सर्वजन के हितों को ध्यान में रखकर दूरगामी सोच के साथ बनाया गया है। सर्वव्यापी एवं सर्वजन हितों को ध्यान में रखकर बने बजट में सभी वर्गों एवं सभी क्षेत्रों का समान रूप से ध्यान रखा गया है। मोदी के विकसित भारत 2047 तक भारत को विश्व का सिरमौर बनाने की दिशा में बजट मील का पत्थर साबित होगा। आर्थिक रूप से भारत को सक्षम बनाने प्रत्येक सेक्टर में विशेष रूप से ध्यान रखा गया है।
हमारी टेक्नॉलॉजी स्वदेशी और वल्र्ड क्लास होगी-संतोष
सांसद संतोष पांडे ने कहा कि यह बजट कर्ज को नियंत्रित रखते विकास के लिए आर्थिक संसाधन सुरक्षित रखता है। भारत का विकास अब अभूतपूर्व गति और अनुशासित खर्चे से हो रहा है। स्केल-अप, इक्विपमेंट, मटेरियल्स, फुल.स्टैक आईपीए स्किल सेंटर्स, नेक्स्ट.जेन मैन्युफैक्चरिंग और हाई-वैल्यू इंजीनियरिंग का करियर सुरक्षित रहेगा। किसी भी तकनीकी क्षेत्र में भारत, दुनिया में किसी देश से पीछे नहीं रहेगा। हमारी टेक्नॉलॉजी स्वदेशी और वल्र्ड क्लास होगी। यह जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला बजट है।
वैश्विक आयाम देने वाला बजट - अभिषेक
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सबका साथ सबका विकास् की भावना और विकसित भारत 2047 के विजन को केंद्र में रखकर बजट 2026 पेश किया है। बजट से यह स्पष्ट हो गया है कि अब भारत नई रफ्तार से नए लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सोलर पैनल, लेदर के सामान, मोबाइल बैटरी, माइक्रोवेव ओवन जैसी चीजें अब सस्ती होगी। इसके साथ ही कैंसर की 17 दवाएं, गंभीर बीमारियों से जुड़ी हुई 7 दवाएं और शुगर की दवाई भी सस्ती होगी। यह बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को धरातल पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विकसित भारत की दिशा में ठोस और संतुलित कदम - मधुसूदन
महापौर मधुसूदन यादव ने केंद्र सरकार की सराहना करते कहा कि यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी को साथ लेकर चलने वाला बजट है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की मजबूत नींव रखता है। बजट में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि अवसंरचना को सुदृढ़ करने, सिंचाई, भंडारण एवं वैल्यू-एडिशन को बढ़ावा देने हेतु किए गए प्रावधान सराहनीय है। यह बजट देश के भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने वाला है।
कर्ज बढ़ाने वाला बजट- जितेंद्र
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 आम जनता की आय बढ़ाने वाला नहीं, बल्कि कर्ज बढ़ाने वाला बजट है। सरकार ने बड़े-बड़े आंकड़े और जुमले तो पेश किए, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी और गिरती क्रयशक्ति पर कोई ठोस समाधान नहीं दिया। छत्तीसगढ़ के लिए यह बजट पूरी तरह निराशाजनक है। किसानों के लिए न तो एमएसपी पर कोई भरोसेमंद व्यवस्था है और न ही धान खरीदी को लेकर स्पष्ट रोडमैप। पीएम किसान, फसल बीमा और कृषि सब्सिडी में वास्तविक बढ़ोतरी नहीं की गई, उलटे उर्वरक सब्सिडी घटाकर किसानों की लागत बढ़ा दी गई है। इससे छत्तीसगढ़ का किसान और अधिक संकट में जाएगा।
महंगाई पर कोई राहत नहीं - हेमा देशमुख
पूर्व महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि बजट में मध्यम वर्ग और गरीब के लिए कोई टैक्स राहत नहीं। यह बजट थाली हल्की करता है, कॉरपोरेट की तिजोरी भारी, यह बजट अमीर-पक्षीय, जन-विरोधी और भविष्य-विरोधी है। इसमें युवा के लिए नौकरी नहीं, किसान के लिए सुरक्षा नहीं, महिला के लिए सम्मान नहीं, गरीब के लिए राहत नहीं। कांग्रेस इस बजट को पूरी ताक़त से ख़ारिज करती है। देश की अर्थव्यवस्था सुधारने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
गांव, गरीब, किसान एवं मध्यमवर्गीय विरोधी बजट - कमलजीत
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कमलजीत पिंटू ने कहा कि प्रस्तुत बजट गांव, गरीब, किसान एवं मध्यवर्गीय विरोधी बजट है। पूर्व में मनरेगा के तहत गांव एवं गरीब किसान के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए 90 प्रतिशत अंश केंद्र सरकार एवं 10 प्रतिशत अंश राज्य को वहन करना होता था, लेकिन अब मोदी सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलकर वीबी जी राम जी करके केंद्र का भार घटाकर 60 प्रतिशत एवं राज्य का भार बढ़ाकर 40 प्रतिशत खर्च करने का प्रावधान होने से छत्तीसगढ़ को इसका लाभ मिलना मुश्किल होगा।
बजट में स्वेदशी के ऊपर अधिक फोकस - अशोक
भाजपा नेता अशोक चौधरी ने कहा कि इस बार का बजट विश्व के मापदंड पर भारत कैसे आगे जाएगा उससे प्रेरित है। विकसित भारत की कल्पना का और स्वदेशी के ऊपर अधिक फोकस किया गया है। जिसमें बहुत स्पष्ट कहा गया है कि समुद्री जहाज को भी स्वदेशी फार्मूले से बनाया जाएगा, यह एक बहुत बड़ी घोषणा है। स्वदेशी के तहत ही तीन आयुर्वेदिक एम्स बनाने की घोषणा 2026 के बजट में की गई है।
एक मजबूत और दूरदर्शी रोडमैप है यह बजट - कोमल
भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी रोडमैप है। यह बजट अपार अवसरों का राजमार्ग है, जो वर्तमान के सपनों को साकार करते भविष्य के भारत की नींव को सुदृढ़ करता है। सनराइज सेक्टर, रेयर अर्थ कॉरिडोर, क्रिटिकल मिनरल्सए टेक्सटाइल और हाईटेक टूल मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों को विशेष महत्व देकर सरकार ने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते ठोस कदम उठाए हैं।
देश की तकदीर एवं तस्वीर बदलेगी - संतोष
वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष अग्रवाल ने कहा कि इस बजट से देश को नई दिशा मिलेगी। बजट में इफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने मेन्युफैक्चरिंग में वैल्यु एडिशन बढ़ाने औरग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के साथ- साथ बैकिंग सेक्टर को सस्ता और आसान कर्ज दिलाने पर फोकस किया गया है। जिसके क्रियान्वयन से देश की ग्रोथ तेजी से बढ़ेगी। विश्व के देशों की वर्तमान माली हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं, परन्तु मोदी की कुशल रणनीति के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था की ऊंचाई अपने चरम अवस्था में चल रही है।
यह बजट देगा बेहतर परिणाम - डिकेश
जिला भाजपा महामंत्री डिकेश साहू ने कहा कि आज विश्व के सभी देश गलोबल तनाव चुनौतियां बढ़ा रहे है। अमरिका के बढ़ते टैरिफ और लगातार चल रहे जियो-पालिटिक्स तनाव और सप्लाई चैन मे बदलावों की वजह से कंपनियो के लिए अब लागत को काबू में रखना जरूरी हो गया है। देश की अर्थव्यवस्था की दृष्टि से आवक और जावक के समावेश के बाद शेष बचत को बेहतर ढंग से बजट मे समायोजित किया गया है । जिसके कारण आम जनता को लोक लुभावने बजट की बजाए स्थिर, विश्वसनीय और दूरगामी परिणाम लाने वाला बजट होगा ।
युवाओं, छात्रों और किसानों की उपेक्षा - विभा
जिला पंचायत सदस्य विभा साहू ने कहा कि यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरता और खासतौर पर युवाओं, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और देश की बेटियों के लिए निराशाजनक साबित हुआ है। सरकार लगातार युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के सपने दिखा रही है, लेकिन बजट में इसके लिए कोई ठोस और प्रभावी प्रावधान नहीं किया गया है। विदेश में पढ़ाई की बात जरूर की गई है, लेकिन इसका लाभ केवल वही उठा सकते हैं जो पहले से आर्थिक रूप से सक्षम हैं। आम और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों के लिए इसमें कुछ भी नया नहीं है।
महंगाई-बेराजगारी मुद्दों पर जवाब नहीं - रितेश
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के छुरिया के पूर्व अध्यक्ष रितेश जैन ने कहा कि बजट 2026 जनता को निराश करने वाला बजट है। इस बजट में आम जनता अपने आपको पूरी तरह से ठगा हुआ महसूस कर रही है। महंगाई और बेरोजगारी जैसे असली मुद्दों पर सरकार का कोई ठोस जवाब नहीं है। इस बजट में मध्यम वर्ग को एक बार फिर से नजरअंदाज किया गया है। किसानों और मजदूरों के लिए यह बजट निराशा लेकर आया है। यह बजट विकास का नहीं, बल्कि दिखाए और प्रचार का दस्तावेज मात्र है।
किसानों के लिए योजनाओं का विस्तार - हरीश
सांसद के प्रतिनिधि हरी शर्मा ने कहा कि यह बजट विकास, रोजगार और आम नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग के हितों को मजबूत करने वाला है। बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। छोटे व्यापारियों, एमएसएमई सेक्टर और स्टार्टअप्स के लिए की गई घोषणाएं स्थानीय स्तर पर व्यापार और रोजगार को बढ़ावा देगी। साथ ही किसानों के लिए योजनाओं का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करेगा।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी विकास की किरण - शिव
भाजपा के वरिष्ठ नेता शिव वर्मा ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते तैयार किया गया है। जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। बजट में गरीब, मजदूर, किसान, व्यापारी, उद्योगपति, कर्मचारी, अधिकारी और विद्यार्थी सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा गया है। बजट में ऐसी योजनाओं का प्रावधान किया गया है। जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचेगी। यह बजट देश को विकास के नए आयामों तक ले जाने वाला साबित होगा।
रोजगार की गारंटी को समाप्त करने वाला बजट - कुसुम
छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की सचिव अधिवक्ता कुसुम दुबे ने कहा कि पिछली बजट की राशि खर्च कर सकने में असफल भाजपा की केंद्र सरकार जो मनरेगा को समाप्त करने की जो साजिश की है, इसका खुलासा इस बजट में हुआ है। मांग आधारित रोजगार गारंटी मनरेगा को समाप्त कर बजट आधारित वीबी जी रामजी योजना की डफली भाजपा बजा रही है और इस बजट में 151282 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। जिसमें देश के मात्र चार करोड लोगों को ही 125 दिन की रोजगार मिल पाएगी। कुल मिलाकर रोजगार पर प्रहार करने वाला बजट है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बजट - मूलचंद
प्रदेश मंत्री भाजपा किसान मोर्चा मूलचंद लोधी ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत सर्वहारा वर्ग के लिए बने बजट का स्वागत करते कहा कि यह बजट पूर्ण रूप से किसान, गांव और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला बजट है। इस बजट में किसानों की आय बढ़ाने, खेती को आधुनिक बनाने और कृषि से जुड़े हर वर्ग को लाभ पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। सरकार ने इस बजट में किसानों के लिए अनेक महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं।
उद्योगों को मिलेगी नई रफ्तार - आलोक
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक बिंदल ने कहा कि केंद्र सरकार ने इस बार उद्योग हितैषी सोच के साथ कई महत्वपूर्ण कस्टम्स ड्यूटी राहतों की घोषणा की है। इन फैसलों से न केवल देश की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता मजबूत होगी, बल्कि घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में भारतीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति भी बेहतर होगी। सरकार ने स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को घरेलू बाजार में एक बार बिक्री की अनुमति देने की व्यवस्था की है।
विकसित व आत्मनिर्भर भारत के संकल्पों का बजट - सुमित
भाजपा उत्तर मंडल अध्यक्ष सुमित सिंह भाटिया ने कहा कि यह जट युवाओं का बजट है। 2026 का यह आम बजट विकसित भारत व आत्मनिर्भर भारत के सपनों के संकल्प को साकार करने वाला बजट है। आम बजट 2026 भारत के सुनहरे भविष्य का नींव है, जहां सभी वर्गों को ध्यान रखते मोदी सरकार व वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी ने यह बजट पेश किया। जिसमें युवाओं पर खास ध्यान रखा, यह युवा शक्ति का बजट है।
अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति - देवेन्द्र
भाजपा जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक देवेन्द्र यादव ने कहा कि यह बजट भारत के विकास में मिल का पत्थर साबित होगी। आत्मनिर्भर भारत बनाने वाला बजट है। यह सभी वर्ग के लिए इस बजट में कुछ ना कुछ प्रावधान किए गए हैं। इस बजट से आने वाले समय में मिल का पत्थर साबित होगा। यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते तैयार किया गया है। जिससे देश की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
युवाओं के भविष्य को सशक्त करने वाला बजट - कमलेश
युवा मोर्चा के जिला सह-कोषाध्यक्ष कमलेश प्रजापति ने कहा कि यह बजट देश के युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर लेकर आया है। इस बजट में शिक्षा और कौशल विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है। जिससे युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल स्किल्स और उभरती आधुनिक तकनीकों में खुद को प्रशिक्षित कर सकेंगे। यह कदम युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में सहायक होगा।
यह बजट जनता के लिए खाली डिब्बे जैसा - गुरभेज
युवा कांग्रेस जिला शहर अध्यक्ष गुरभेज सिंह माखीजा ने बजट को ‘खाली डब्बा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि सरकार पुराने वादों को नई पैकेजिंग में पेश करेगी, लेकिन इस बार तो पुराने वादों का जिक्र तक नहीं किया गया। बजट में जनता के लिए कोई ठोस राहत नहीं है और न ही इसमें महंगाई, बेरोजगारी या आम आदमी की समस्याओं का समाधान नजर आता है। बजट में स्थायी और सम्मानजनक नौकरियों के लिए कोई ठोस योजना या स्पष्ट दिशा नहीं दी गई।
युवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ - चिंटू
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष चिन्टू सोनकर ने बजट को युवाओं, छात्रों, किसानों एवं मध्यम वर्ग के लिए लाभकारी और विकासोन्मुख बजट बताया है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। बजट में शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप, स्वरोजगार एवं रोजगार सृजन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के अधिक अवसर प्राप्त होंगे।
सुधारवादी और विकासोन्मुखी बजट - प्रखर
भारतीय जनता युवा मोर्चा दक्षिण मंडल के अध्यक्ष प्रखर श्रीवास्तव ने कहा कि यह बजट आम आदमी, गरीब, किसान, युवा और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार तैयार करता है। यह बजट दूरदर्शी सोच पर आधारित है। जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर भारत और तकनीकी सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। बजट में मध्यम वर्ग के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी प्राथमिकता दी गई है।
विकसित भारत एवं युवाओं का है बजट - गंगवानी
छत्तीसगढ़ यूथ फॉर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश गंगवानी ने कहा कि यह बजट विकसित भारत एवं युवाओं का बजट ह। इस बजट में इनकम टैक्स स्लैब में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया है, जो कि मध्यम वर्ग के लिए अत्यंत ही राहत प्रदान करेगा। यह बजट विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करेगा। कैंसर की 17 दवाइयों से आयात शुल्क हटाया गया है व 7 दुर्लभ बीमारियों की दवाइयां ड्यूटी फ्री कर दी गई है। जिससे दवाइयां और भी सस्ती हो जाएगी।
विकसित भारत की दिशा की ओर कदम - रवि
पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि यह बजट देश को विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है। बजट सर्वस्पर्शी है। जिसमें मध्यम वर्ग, युवा, किसान और शिक्षा-स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। आयकर व्यवस्था में प्रस्तावित राहत से मध्यम वर्ग और नौकरी-पेशा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। जिससे उनकी क्रय-शक्ति और बचत क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही पूंजीगत व्यय (इन्फ्रास्ट्रक्चर) में बढ़ोतरी से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, जो युवाओं के लिए सकारात्मक संकेत है।
केंद्रीय बजट से जनता निराश- विशु
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी ने बजट को किसान, मजदूर और युवाओं के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट आम जनता की वास्तविक समस्याओं को नजर अंदाज़ कर केवल बड़े उद्योगपतियों और कॉरपोरेट सेक्टर को लाभ पहुंचाने वाला है। महंगाई, बेरोजग़ारी और रोज़मर्रा की ज़रूरतों के बढ़ते खर्चों पर बजट में कोई ठोस राहत नहीं दी गई है, जो सरकार की जनविरोधी मानसिकता को साफ तौर पर उजागर करता है।
पर्दा डालने वाला जुमला बजट - अभिमन्यु
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्राने कहा कि केंद्रीय बजट देश की जनता की उम्मीदों के साथ खुला धोखा है। यह बजट न महंगाई से राहत देता है, न बेरोजग़ारी पर वार करता है और न ही किसानों की बदहाली का कोई समाधान पेश करता है। पूरे बजट में सिर्फ आंकड़ों का खेल और झूठी उपलब्धियों का बखान है। आज देश का आम नागरिक महंगाई से कराह रहा है रसोई गैस, पेट्रोल.डीजल और खाद्य वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हैं, लेकिन बजट में इन पर एक शब्द की भी ठोस राहत नहीं दी गई। यह सरकार की जनविरोधी मानसिकता को उजागर करता है।


