राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 फरवरी। सडक़ सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत कार्यालय यातायात शाखा जिला राजनांदगांव द्वारा आयोजित विभिन्न जन-जागरूकता प्रतियोगिताओं में डॉ. जेबी सिंह मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रतिभा, विवेक और जिम्मेदारी का अद्भुत परिचय देते विद्यालय को गौरवान्वित किया।
आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 11वीं विज्ञान की छात्रा अवनी द्विवेदी ने अपने तर्कों की प्रखरता, आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति एवं विषय की गहन समझ के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित करते प्रथम स्थान अर्जित किया। इसी क्रम में स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यालय की कक्षा 9वीं की छात्रा भूमिका सूर्यवंशी ने सडक़ सुरक्षा के संदेश को रचनात्मक, सारगर्भित एवं प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इन सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन यातायात विभाग राजनांदगांव द्वारा विद्यार्थियों में सडक़ सुरक्षा के प्रति चेतना जाग्रत करने, यातायात नियमों के पालन की भावना विकसित करने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का बोध कराने के उद्देश्य से किया गया।
प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं की इस सफलता पर विद्यालय परिवार में प्रसन्नता का वातावरण व्याप्त रहा। विद्यालय प्रबंधन ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय की अध्यक्ष सविता जेबी सिंह, प्रशासक संजय बहादुर सिंह, सावंत बहादुर सिंह, श्रेयांश बहादुर सिंह, जन्मजेय बहादुर सिंह, अकैडमी डायरेक्टर अभिषेक खंडेलवाल, प्राचार्य एकता खंडेलवाल, बरसर आईके वैष्णव, मनीषा सिंह एवं इला सिंह ने सफल छात्राओं को शुभकामनाएं दी।


