राजनांदगांव
जीवीके कंपनी द्वारा तानाशाही रवैये पर की शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 फरवरी। डायल-112 के चालकों ने वेतन समेत अन्य समस्याओं को लेकर पुलिस से सहायता के लिए गुहार लगाई है। सोमवार को एसपी अंकिता शर्मा से चालकों ने अपना दुखड़ा सुनाते मांगों का हल निकालने का आग्रह किया है। चालकों ने अपनी समस्याओं को लेकर एसपी को ज्ञापन सौंपा है।
मिली जानकारी के मुताबिक डायल-112 का संचालन विगत 2018 से जीवीके कंपनी द्वारा किया गया है। कंपनी द्वारा अब प्रत्येक चालकों से प्रशिक्षण के नाम पर 7500 रुपए की मांग की जा रही है, जिसे वापसी योग्य नहीं माना गया है। चालकों का कहना है कि पिछले 8 वर्षों से कार्य कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में कंपनी को नि:शुल्क प्रशिक्षण की व्यवस्था करना चाहिए। उक्त राशि नहीं जमा करने पर कंपनी द्वारा कार्य से पृथक करने की धमकी भी दी जा रही है।
चालकों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा विगत 3 माह से वेतन भी नहीं दिया गया है। जीवीके कंपनी द्वारा बनाए गए वाट्सअप ग्रुप के माध्यम से प्रशिक्षण हेतु राशि की मांग की जा रही है। ऐसे में चालकों की स्थिति आर्थिक और मानसिक रूप से खराब हो गई है। एसपी को दिए गए ज्ञापन में युवराज, नेमीचंद, भगवती यादव, थानेश्वर वर्मा, युवराज, दीपक ठाकुर, देवकुमार, संतोष कुमार समेत अन्य चालकों ने तत्काल पुलिस से मदद की मांग करते आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया है।


