राजनांदगांव
राजनांदगांव, 12 दिसंबर। अंबागढ़ चौकी ब्लॉक के ग्राम देवरसुर के युवा जितेन्द्र सलामे ने कठिन परिस्थितियों को मात देते छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में अपना स्थान बनाया। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। जितेन्द्र के चाचा एवं शिक्षक अंगद सलामे ने बताया कि बहुत कम उम्र में ही उनके पिता स्व. कृपाराम सलामे की सडक़ दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई थी। पिता के निधन के बाद घर की जिम्मेदारी, मां व छोटी बहन और छोटे भाई का बोझ जितेन्द्र के कंधों पर आ गया। कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने लक्ष्य से कभी पीछे नहीं हटे। जितेन्द्र ने शुरू से ही पुलिस विभाग में जाने का सपना देखा था। पिछले पांच वर्षों से वे लगातार फिजिकल प्रैक्टिस और लिखित परीक्षा की तैयारी में लगे रहे।
कई बार भर्ती में असफलता का सामना करने के बाद भी उन्होंने निरंतर प्रयास जारी रखा और अंतत: इस बार सफलता हासिल की। देवरसुर की सरपंच सीमा कोर्राम ने जितेन्द्र की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।
उन्होंने कहा कि मेहनत, धैर्य और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है और जितेन्द्र ने इसका उदाहरण प्रस्तुत किया है। जितेन्द्र के चयन से देवरसुर गांव में उत्साह का माहौल है। उनके मित्र दिनेश मेश्राम, शुभम उईके, प्रवीण कुंजाम, केशव धुर्वा, फनीष मंडावी, संतोष हारमे, महेन्द्र जुरेशिया सहित अन्य लोगों ने बधाईयां दी।


