राजनांदगांव
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 नवंबर। जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी राजनांदगांव (ग्रामीण) के महामंत्री व जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार में किसानों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर द्वारा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर बंद कमरे में समिति प्रबंधकों को मौखिक निर्देश दिया गया कि अनावरी रिपोर्ट के आधार पर किसानों से प्रति एकड़ केवल 15 से 17 क्विंटल धान खरीदा जाए। इस तुगलकी आदेश ने किसानों में तीखा रोष पैदा कर दिया है।
श्री यादव ने कहा कि जब-जब प्रदेश में भाजपा की सरकार आती है, किसानों को किसी न किसी आदेश और दमनात्मक प्रक्रिया के जरिये परेशान किया जाता है। कलेक्टर का यह निर्देश दर्शाता है कि सरकार की मंशा किसानों का पूरा धान खरीदने की नहीं है, बल्कि बहाने बनाकर उन्हें प्रताडि़त किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार में किसानों को सम्मान, न्याय और उनकी उपज का पूरा मूल्य मिलता था, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार में किसानों को खरीफ फसल के लिए खाद/बीज के लिए भटकना पड़ा। यहां तक कि आंदोलन करना पड़ा। मजबूरी में किसानों को यूरिया और डीएपी दोगुनी कीमत पर निजी हाथों से खरीदना पड़ा।
श्री यादव ने सवाल उठाते कहा कि कई किसानों की उपज प्रति एकड़ 25 से 30 क्विंटल तक होती है, क्या सरकार कलेक्टर के इस फरमान के अनुसार किसानों की पूरी उपज खरीदेगी? या फिर किसानों को 15-17 क्विंटल तक सीमित कर दिया जाएगा? उन्होंने बताया कि कलेक्टर के निर्देश के बाद कई किसानों ने फोन कर अपनी परेशानी बताई।


