राजनांदगांव
कल दिनभर गूंजेगे शबद-कीर्तन, कृत्रिम रौशनी से जयंती की बढ़ी शोभा
छत्तीसगढ़ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 नवंबर। सिक्ख समाज के प्रथम गुरु व शांतिदूतक श्री गुरूनानक देवजी की जयंती पर स्थानीय गुरूद्वारा की कृत्रिम रौशनी जयंती की शोभा बढ़ा रही है। कल बुधवार को 556वीं जयंती को लेकर समाज की ओर से पूरी तैयारी की गई है।
कल पूरे दिन शबद-कीर्तन की गंूज के साथ सिख धर्म के रीति-रिवाज अनुसार सिख बंधु विविध धार्मिक आयोजन में शामिल होंगे। स्थानीय गुरूद्वारा में परंपरागत रूप से जयंती को मनाने की तैयारी की है। सिख धर्म में गुरूनानक देव का एक अलग पौराणिक और धार्मिक महत्ता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन हर साल जयंती को रिवाज अनुसार मनाया जाता है।
राजनादगांव गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा भी समूह सिख संगत भाई-बहनों के सहयोग से प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में परंपरागत आयोजन किया गया है। गत 2 माह से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के अखंड पाठ तथा 11 दिनों से रोजाना सुबह 5 बजे से प्रभातफेरियों की श्रृंखला अनवरत जारी है। इधर मंगलवार दोपहर बाद श्री गुरुग्रथ साहिब की भव्य शोभायात्रा तथा विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया गया है। पंज-प्यारों की अगुवाई में अरदास उपरांत शोभायात्रा गुरूघर से आरंभ हुई। भाई-बहनों के कीर्तनी जत्थे कीर्तन तथा गुरबाणी गायन द्वारा आयोजन को सार्थकता प्रदान किया गया।
शोभायात्रा के लिए इस प्रकाश पर्व पर विशाल वाहन को सफेद रंग के आकर्षक गुरूद्वारे के रूप में तथा अति आकर्षक लाइटों एवं विद्युत झालरों द्वारा सुसज्जित किया गया। पुष्प वर्षा करती तोप गाड़ी, 5 घोड़ों पर सुसज्जित छोटे बच्चे तथा शबद कीर्तन करते कीर्तनी जत्थे नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाए। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से मानव मंदिर चौक, सिनेमा लाइन, गंज लाइन, पुराना बस स्टैंड, जीई रोड़, भगत सिंह चौक से गुरुनानक चौक होते रात 7 बजे वापस गुरुद्वारा पहुंची। तत्पश्चात अरदास, सुखासन तथा गुरु का लंगर वितरित हुआ।
प्रकाश पर्व हेतु गुरूद्वारा साहिब को विद्युत झालरों से सुसज्जित तथा पूरे रास्ते को विशेष रूप से गेट आदि से सजाया गया है। मंगलवार दोपहर बाद पंज प्यारो की अगुवाई में निकली शोभायात्रा का सभी वर्ग के लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। समाज की महिलाओं ने सफाई करते हुए पंज प्यारों पर फूलों की बारिश की। शहर के मुख्य मार्गों से निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरूष एवं युवा वर्ग के सामाजिक लोग मौजूद थे। इधर कल मुख्य आयोजन के लिए समाज में उत्साह का माहौल है।


